Deepawali 2025: धनतेरस से पहले बर्तन बाजार में 30 करोड़ का कारोबार, इस बार छाया तांबा-पीतल का क्रेज
मेरठ में धनतेरस से पहले बर्तन बाजार में भारी खरीदारी देखने को मिली। अब तक 30 करोड़ का कारोबार हो चुका है और तांबा, पीतल व स्टील के आधुनिक बर्तनों की मांग सबसे ज्यादा रही।
विस्तार
मेरठ में धनतेरस पर इस बार बर्तन बाजार की रौनक दोगुनी रही। धनतेरस से एक दिन पहले ही शहर में 30 करोड़ रुपये से अधिक के बर्तन बिक चुके हैं। शनिवार को करीब 10 करोड़ के अतिरिक्त कारोबार की उम्मीद जताई जा रही है। शहर के बेगमपुल, अब्दुल्लापुर और सोतीगंज इलाकों के बर्तन बाजारों में दिनभर खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही।
शहर के 200 से अधिक छोटे-बड़े बर्तन विक्रेताओं ने बताया कि इस बार पारंपरिक के साथ-साथ आधुनिक बर्तनों की मांग बढ़ी है। उपहार में भी बर्तन देने का चलन बढ़ा है। व्यापारी अंकुर के अनुसार रोज गोल्ड कटलरी सेट, ट्रिपल प्लाई कूकर और कढ़ाई लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। इनमें स्टील पर पीवीडी कोटिंग की गई है, जिसकी कीमत 15 हजार रुपये तक है।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 18 अक्टूबर को आपके शहर में क्या हुआ
व्यापारी वीर जैन ने बताया कि तांबे और पीतल के बर्तनों का चलन एक बार फिर लौट आया है। लोगों को यह पारंपरिक और सेहत के लिए बेहतर लग रहे हैं। वहीं वुडन क्रॉकरी भी ग्राहकों को खूब लुभा रही है। संजय अग्रवाल ने कहा कि इस बार जीएसटी छूट का फायदा भी ग्राहकों को मिला है, जिससे बिक्री में और इजाफा हुआ है।
बर्तनों की कीमतें:
स्टील के बर्तन: 150 से 5,000 रुपये तक
तांबे-पीतल के बर्तन: 200 से 10,000 रुपये तक
पीवीडी कोटिंग वाले बर्तन: 500 से 15,000 रुपये तक
लकड़ी के बर्तन: 1,000 से 5,000रुपये तक