संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिसमें गन्ना मूल्य 650 रुपये क्विंटल किए जाने की मांग की गई है। सीएम के नाम उपजिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह को दिए ज्ञापन में अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश में गन्ने की खेती करने वाले किसानों को खाद, बीज, कीटनाशक, सिंचाई, मजदूरी और अन्य कृषि कार्यों की लगातार बढ़ती लागत वहन करनी पड़ रही है। ऐसी स्थिति में किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए वर्तमान पेराई सत्र के लिए गन्ने का मूल्य 650 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया जाए, 14 दिनों के भीतर गन्ना मूल्य भुगतान की घोषणा की गई थी, लेकिन मेरठ मंडल की किनौनी और मोहिउद्दीनपुर सहित लगभग एक दर्जन चीनी मिलों पर किसानों का करीब 700 करोड़ बकाया है, जिसका ब्याज सहित तत्काल भुगतान कराया जाए। समय पर भुगतान न मिलने से किसानों को घरेलू कार्यक्रमों, बिजली बिल और बच्चों की पढ़ाई के शुल्क के भुगतान में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही मवाना चीनी मिल के क्रय केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए टीन शेड, शीतल पेयजल, कैंटीन की व्यवस्था करने, किसानों का बीमा कराने और बारिश से क्षतिग्रस्त खादर क्षेत्र की सड़कों व संपर्क मार्गों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग भी उठाई गई। इस दौरान प्रदेश महासचिव यूसुफ कुरैशी, नवेद आलम, मुखिया कासिम, मोहम्मद उमर, मोहम्मद आयन, मोहम्मद शाह एडवोकेट, दीपक, मोहसिन खान, मोइन खान, वीरेंद्र गुर्जर एडवोकेट, हाफिज बाबर और अमित गुर्जर एडवोकेट आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।