Delhi Blast: रोटी की तलाश में दिल्ली आया था…धमाके ने छीन लिया सहारा, मेरठ के मोहसिन की दर्दनाक मौत
Delhi Blast: दिल्ली के लाल किले के पास हुए ब्लास्ट में मेरठ के मोहसिन की मौत हो गई। परिवार का एकमात्र सहारा रहे मोहसिन ई-रिक्शा चलाकर रोजी-रोटी कमाता था। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है और उन्होंने सरकार से आर्थिक मदद की मांग की है।
विस्तार
देश की राजधानी दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार को हुए ब्लास्ट ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। इस हादसे में रोजी-रोटी के लिए संघर्ष कर रहे कई मजदूर और कामगार इसकी चपेट में आए। इन्हीं में से एक मेरठ का मोहसिन भी था, जो ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पेट पालता था।
मोहसिन (35) पिछले दो साल पहले मेरठ से दिल्ली आया था। वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ दिल्ली के डिलाइट क्षेत्र में रह रहा था। रोज 500 से 600 रुपये कमाकर वह अपने परिवार का खर्च पूरा कर रहा था। सोमवार को भी वह सवारियों को लेकर जा रहा था, तभी ई-रिक्शा में हुए ब्लास्ट में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: Meerut Weather Update: हवा चली तो ठंड बढ़ी... लेकिन जहरीली! मेरठ में AQI 277, कई इलाकों में और भी खराब
मोहसिन की शादी लगभग 10 साल पहले हुई थी। उसके परिवार में पांच भाई और बहनें हैं। उसका परिवार मेरठ में किराए के मकान में रहता है और सभी सदस्य मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं। मोहसिन ही परिवार का मुख्य सहारा था, जिसकी मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मां ने रोते बिलखते हुए बताया कि उसका नसीब ही खराब था, कई बार उसकी गाड़ी पकड़ ली गई, कई बार वह कहता था अम्मी 20 हजार रुपये दे दो! मेरा बच्चा बहुत सीधा था। अब गाड़ी भी चली गई और मेरा बच्चा भी चला गया।
मोहसिन के शव को सुबह उसके पैतृक आवास पर लाया गया जहां शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनाें को कहना है कि मोहसिन की पत्नी दिल्ली में है, वह नहीं आई है। मोहसिन के शव को मेरठ में ही सुपुर्द ए खाक किया जाएगा।
बताया कि मोहसिन को गाने का शौक था, वह बहुत सीधा था। हम चाहते है कि आरोपियों को कड़ी सजा मिले और पीड़ितों को अर्थिक मदद मिले। मोहसिन अपने परिवार को पालने के लिए दिल्ली गया था लेकिन अब परिवार का सहारा ही छिन गया है।
मोहसिन के पिता रफीक, जो हैंडलूम फैक्टरी में मजदूर हैं, उन्होंने सरकार से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि परिवार की आय पहले ही सीमित थी, अब घर का सहारा खो जाने के बाद स्थिति और भी कठिन हो गई है। परिवार ने सरकार से आर्थिक सहायता और बच्चों के भविष्य की सुरक्षा की मांग की है।
