बाबा राम रहीम पर फैसला आज, यूपी के इस जिले में अलर्ट जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
साध्वी के यौन शोषण मामले में डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह पर सुनवाई के मद्देनजर यूपी और उत्तराखंड से सेवादारों के पंचकुला कूच करने का सिलसिला बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। जिला प्रशासन ने बरनावा आश्रम पर पुलिस तैनात कर दी। बागपत में अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा जाने वाले वाहनों की देर रात तक चेकिंग की गई।
पंचकुला की सीबीआई अदालत में शुक्रवार को डेरामुखी पेश होंगे। सूत्रों के अनुसार कोर्ट यौन शोषण मामले में फैसला सुना सकती है, इसकी भनक लगते ही डेरा सच्चा सौदा के लाखों सेवादार और संत समर्थकों ने पंचकुला में डेरा डाल लिया है। हरियाणा और पंजाब के अलावा बागपत में भी अलर्ट जारी किया। एसपी डी प्रदीप कुमार ने बताया जनपद में विशेष चौकसी बरती जा रही है। बिनौली थाने के अलावा आसपास के थानों की पुलिस बरनावा आश्रम पर तैनात कर दी । यहां शुक्रवार को चार थानों की पुलिस तैनात रहेगी। इसके अलावा बृहस्पतिवार को निवाड़ा चौकी पर हरियाणा जाने वाले वाहनों की चेकिंग की गई। निवाड़ा चौकी पर भी अतिरिक्त फोर्स तैनात किया है। एसपी ने जिले के प्रत्येक सर्किल ऑफिसर से बात कर उनके क्षेत्रों में सेवादारों की गतिविधियों की जानकारी ली। वेस्ट यूपी का इकलौता आश्रम बरनावा में होने के चलते किसी भी स्थिति में यहां समर्थकों की भीड़ जमा होने की आशंका है, जिस पर पुलिस सतर्कता बरत रही है।
बिगड़ने नहीं देंगे कानून व्यवस्था
डीएम भवानी सिंह खंगौरात ने बताया डेरा सच्चा सौदा के सेवादारों से बातचीत की गई है। किसी भी स्थिति में कानून के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समर्थकों ने प्रशासन को बताया वह संत की सुरक्षा के लिए ही पंचकुला जा रहे हैं, इसके अलावा उनका कोई दूसरा उद्देश्य नहीं है। बागपत में किसी तरह की मीटिंग, या किसी कार्यक्रम की इजाजत नहीं दी गई है।
चेकिंग जरूर हुई, रोके नहीं समर्थक
डेरा सच्चा सौदा के संत गुरमीत राम रहीम के समर्थकों के हरियाणा जाने की सूचना पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। बरनावा ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र से निजी वाहनों पर सवार होकर समर्थक हरियाणा के लिए रवाना हुए, लेकिन पुलिस ने सिर्फ चेकिंग ही की, किसी को सीमा पर रोका नहीं। उधर, डीएम ने कहा हरियाणा शासन ने किसी तरह का संपर्क नहीं किया और न ही बार्डर सील कर किसी को रोके जाने के लिए कहा गया है।
सोनीपत से घर लौटने लगे लोग
हरियाणा में तनाव के मद्देनजर सोनीपत और आसपास के इलाके में रहने वाले बागपत और अन्य जिलों के लोग बृहस्पतिवार को लौटने लगे। बागपत, शामली और मुजफ्फरनगर के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में सोनीपत में पढ़ते हैं, जो वहां तनाव के मद्देनजर बृहस्पतिवार को वापस लौट आए।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/