याकूब कुरैशी पर मारपीट के आरोप
कोतवाली थाना क्षेत्र के सराय बहलीम निवासी नाजिम राजी पुत्र मोहम्मद सलाउद्दीन ने एसएसपी आवास पर दिए शिकायती पत्र में बताया कहा कि उसका मकान बसपा नेता याकूब कुरैशी वाली गली में है। आरोप है कि बृहस्पतिवार रात वह अपने मकान के सामने खड़ा था। तभी याकूब कुरैशी ने आवाज देकर उसे अपनी बैठक में बुलाया।
आरोप है कि जहां उसे धमकाते हुए कहा- कई बार समझा दिया कि तू अपना मकान बेचकर कहीं चला जा। नाजिम के अनुसार जब मैंने मकान बेचने का कारण पूछा तो आरोप है कि हाजी याकूब ने गालीगलौज कर मारपीट की। विरोध करने पर उनका भतीजा अलीम और दो अन्य युवकों ने भी हमला बोल दिया। जान बचाकर मैं अपने घर में पहुंचा तो याकूब साथियों के साथ घर में घुस आए और मारपीट की। बचाव में पत्नी और बेटी आयी तो उन्हें भी पीटा।
सुरक्षा की मांग की
नाजिम राजी ने आरोप लगाया कि याकूब कुरैशी पहले भी अपनी गली में कई लोगों को डरा धमकाकर मकान खरीद चुके हैं। अब उनकी नजर मेरे मकान पर लगी हुई है। मकान न बेचने पर गोली मारने की धमकी दी जा रही है। जिससे उसे और उसके परिवार को जान-माल का खतरा लग रहा है। आरोप लगाया कि यदि उसके परिवार के साथ कोई घटना हुई तो इसकी जिम्मेदारी याकूब कु रैशी की होगी। जिसके चलते गुहार लगाकर सुरक्षा की मांग की गई है। इंस्पेक्टर कोतवाली अजय अग्रवाल का कहना है कि नाजिम के आरोपों पर जांच शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो सकता है।
विवादों से पुराना नाता
पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले याकूब कुरैशी पर धार्मिक शोभायात्रा के दौरान सिपाही चहन सिंह बालियान को थप्पड़ मारने का मामला लखनऊ तक गूंजा था। इसके अलावा डेनमार्क के कार्टूनिस्ट का सिर कलम करने वाले को सोने के बराबर तौलने और 51 करोड़ रुपये का इनाम देने का बयान भी खूब चर्चाओं में रहा था। विधानसभा चुनाव के दौरान सीओ और मजिस्ट्रेट से अभद्रता करने का भी आरोप लगा था।