यूपी: सादी वर्दी में दबिश देना पड़ा भारी, दिन भर पिटी पुलिस, महिला ने फायरिंग कर छोड़ दिए कुत्ते
मंगलवार के दिन सादी वर्दी में दबिश देना पुलिस के लिए मुसीबत बन गया। शहर और देहात में दिनभर मेरठ पुलिस पिटती रही। शहर के कई इलाकों में पुलिस पर हुए हमले के बाद पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर हमलावरों पर लाठीचार्ज कर स्थिति को कंट्रोल किया।
पहले मामले में सलारपुर में पुलिस पर हमला हुआ। क्राइम ब्रांच ने दो सिपाहियों के बेटों की निशानदेही पर छापा मारा था। शनिवार को पुलिस लाइन में आरोपियों ने 23 हजार रुपये का पार्सल पंकज अग्रवाल से लूटा गया था। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में अज्ञात बदमाशों पर केस दर्ज किया गया। लूट करने वाले सिपाहियों के बेटे हो सकते है, इसका अंदेशा जताया गया था। इसकी जांच क्राइम ब्रांच कर रही थी।
क्राइम ब्रांच ने सोमवार को इस मामले में आरोपी शिवम पुत्र बिजेंद्र (सिपाही) निवासी पल्लवपुरम, जीतू उर्फ जितेंद्र पुत्र मनतू (सिपाही) निवासी पुलिस लाइन को गिरफ्तार किया। बिजेंद्र पुलिस लाइन मेरठ और मनतू सिंह बागपत में तैनात है।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की स्कूटी व बुलेट बेचनी बताई। बुलेट सलारपुर ग्राम प्रधान के बेटे नितिन को बेचना बताया गया। इसकी जांच करने क्राइम ब्रांच की टीम मंगलवार शाम को सलारपुर पहुंची थी। यहां काफी देर तक पुलिस की नोंक झोंक होती रही।
तसलीम को पकड़ते ही सिपाहियों पर बोला हमला
दूूसरा मामला सदर थाना पुलिस के साथ हुअा। सदर थाने के दो सिपाही सादी वर्दी में मछेरान में घूम रहे थे। स्मैक माफिया तसलीम को देखते ही उन्होंने उसे दबोच लिया। तसलीम के पकड़े जाने का हल्ला मचते ही महिलाओं ने छतों से पथराव कर दिया। इससे पहले पुलिस कुछ समझती, तसलीम पुलिस से छूटकर भाग गया।
दोनों सिपाहियों को भीड़ ने घेर लिया। जानकारी पर रेलवे रोड, सदर बाजार और देहली गेट पुलिस पहुंची। पुलिस ने लाठीचार्ज कर तसलीम के दो साथियों को हिरासत में लिया। तसलीम आदि के खिलाफ केस दर्ज कर उसके घर से एक किलो चरस बरामद की गई है।
आक्रोशित भीड़ ने सिपाहियों पर धार्मिक पुस्तक फेंकने का लगाया आरोप
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के इस्लामाबाद में गोकशी के आरोपी की तलाश में दबिश डालने पहुंची पुलिस का विरोध हो गया। आरोपी पक्ष के लोगों ने धार्मिक पुस्तक फेंकने का सिपाहियों पर आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। सूचना पाकर कार्यवाहक एसपी सिटी संजीव वाजपेयी और सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। उन्होंने मामले की जांच कराकर दोषी सिपाहियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
सीओ कोतवाली ने बताया कि मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि गोकशी में वांछित इस्लामाबाद निवासी शादाब कुरैशी घर आया हुआ है। पुलिस जब शादाब के घर पहुंची तो वह उससे पहले ही फरार हो गया। पुलिस घर की तलाशी लेने लगी तो परिवार के लोगों ने विरोध जता दिया। शादाब के परिजनों ने दो सिपाहियों को धार्मिक पुस्तक फेंकने का आरोप लगाकर मोहल्ले के लोगों को इकट्ठा कर लिया। इसकी सूचना पर आदर्श सेवा समिति के अध्यक्ष अनस चौधरी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
लोगों की भीड़ बढ़ने लगी। इसकी जानकारी लगने पर पुलिस अधिकारी फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत किया। सीओ का कहना है कि पुस्तक फेंकने का आरोप गलत है। आरोपी शादाब के घर एक कटी गाय का मांस और एक जिंदा गोवंश बरामद हुआ था। शादाब एक शातिर अपराधी है। जिसकी तलाश जारी है।
गाजियाबाद की क्राइम ब्रांच टीम सादी वर्दी में लावड़ के जलालपुर गांव में पहुंची। पुलिस ने आरोपी को पकड़ा। तभी उसके परिवार के लोगों ने चोर आने का शोर मचा दिया।ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेरकर पथराव कर लिया। आरोपी को छुड़ाकर ले गए। इंचौली पुलिस ने मौके पर जाकर बताया कि वह पुलिस से हैं। ग्रामीणों ने कहा कि गलतफहमी में यह घटना हुई।
क्राइम ब्रांच पर पथराव के बाद फायरिंग की गई। क्राइम ब्रांच प्रभारी जयवीर सिंह ने बताया कि एक महिला घर की छत से लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली चलाने लगी। जिसमें पुलिसकर्मियों की जान बाल-बाल बची। गोली से बचे तो पालतू दो कुत्ते छोड़ दिए। जिसमें उनके तीन सिपाही जख्मी हो गए। महिला को गोली चलाते देखकर टीम वहां से पीछे हट गई।
जवाबी गोली चलाते तो अनहोनी हो सकती थी। बाद में पुलिस फोर्स को बुलाकर उन्हें पकड़ा गया। रिवाल्वर भी बरामद कर ली। इसमें पुलिस ने प्रधान, उसकी पत्नी, प्रधान की बहन, दो बेटियों और दो बेटों, दो भतीजों समेत नौ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। इनमें प्रधान और उसके बेटे को गिरफ्तार किया गया है।
बख्शे नहीं जाएंगे हमलावर
पुलिस पर हमला करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। वर्दी में पुलिस वाले मौके पर पहुंचे, उसके बाद भी महिलाएं पथराव करती रहीं। आठ लोगों को हिरासत में लिया गया। सदर बाजार और गंगानगर में केस दर्ज कराया गया है। -अखिलेश कुमार, एसएसपी
दौराला लावड के जलालपुर गांव में सोमवार रात मोदीनगर पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। पुलिस टीम एक हत्यारोपी की तलाश में आई थी। हंगामे के दौरान आरोपी फरार हो गया। पुलिस एक युवक को अपने साथ ले गई है।
मोदीनगर थानाक्षेत्र के शाहजहांपुर गांव में कुछ समय पहले एक हत्याकांड के मामले में गुड्डू नामक आरोपी फरार चल रहा था। गाजियाबाद क्राइम ब्रांच और मोदीनगर थाना पुलिस को गुड्डू की लोकेशन लावड़ के जलालपुर गांव में मिल रही थी। पुलिस की टीम ने रात में गुड्डू की तलाश में जलालपुर गांव में एक मकान में छापा मारा। सादी वर्दी में होने के कारण मकान मालिक ने बदमाश होने का शोर मचा दिया।
जिस पर ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस टीम से उलझ गए। ग्रामीणों व टीम के बीच हाथापाई हो गई। सूचना पर पहुंची इंचौली पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को शांत किया। हंगामे के दौरान जिस आरोपी को टीम लेने आई थी वह फरार हो गया। जिसके बाद टीम गांव से एक युवक को अपने साथ मोदीनगर ले गई। इंचौली थाने के प्रभारी योगेंद्र कुमार ने बताया कि गलतफहमी के चलते ग्रामीणों की पुलिस से कहासुनी हो गई थी। टीम एक युवक को अपने साथ ले गई ।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/