कबाड़ी राहुल काला और मन्नू के यहां कटते हैं दिल्ली-एनसीआर से चोरी हुए वाहन, पुलिस नहीं कर पाई गिरफ्तार
दिल्ली-एनसीआर और पश्चिम यूपी के जिलों में चोरी होने वाले दोपहिया वाहन सोतीगंज के शातिर कबाड़ी राहुल काला व मन्नू कबाड़ी काटते हैं। उनके गोदाम पर नाबालिग बच्चे भी गाड़ी काटने का काम करते हैं। दोनों कबाड़ी की तलाश में कई जिलों की पुलिस लगी है।
दिल्ली पुलिस ने राहुल काला के गोदाम पर काम करने वालों की जानकारी मांगी तो सदर पुलिस ने जवाब दिया कि वहां तो नाबालिग काम करते हैं, जिन पर कार्रवाई नहीं हो सकती। चोरी और लूट की बाइक काटने वाले शातिर काला व मन्नू कबाड़ी पर पुलिस शिकंजा कसने में नाकाम है। दोनों कबाड़ी पर 20-20 से ज्यादा मुकदमे पंजीकृत हैं। दोनों की दोस्ती पुलिस वालों से है।
शायद यही वजह है कि पुलिस उनको गिरफ्तार नहीं करना चाहती। दिल्ली पुलिस ने छह दिन पहले राहुल काला के गोदाम पर छापा मारकर 42 बाइक के चेसिस नंबर बरामद किए थे। दिल्ली पुलिस का आरोप है कि मेरठ पुलिस सोतीगंज के कबाड़ी से मिली हुई है और आरोपियों को बचाने में लगी है। वहीं, नौचंदी पुलिस मन्नू कबाड़ी की तलाश में तीन दिन से दबिश दे रही है।
यह भी पढ़ें: ऑनर किलिंग: पुलिस को देख बेटी की जलती चिता छोड़ भागे परिजन, तलाश में जुटी
वाहन चोर तो पकडे़ जाते हैं, लेकिन शातिर हैं फरार
जनपद में अलग-अलग थाना पुलिस रोजाना वाहन चोरों की गिरफ्तारी करती है। पूछताछ में आरोपी सोतीगंज में चोरी के दोपहिया वाहन बेचना बताते हैं। फिर भी सोतीगंज के शातिर कबाड़ी पर कार्रवाई नहीं होती। इससे पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लग रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर और पश्चिम यूपी के जिलों से चोरी होने वाले दोपहिया वाहनों का कटान सोतीगंज के शातिर काला और मन्नू कबाड़ी कर रहे हैं।
दोनों पर होगी कार्रवाई
सदर बाजार पुलिस राहुल काला और मन्नू कबाड़ी की तलाश कर रही है। काला को अभी दिल्ली पुलिस ने भी नामजद आरोपी नहीं बनाया है। दोनों पर मजबूत कार्रवाई होगी। - राजीव सभरवाल, एडीजी, मेरठ जोन
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/