कुख्यात बद्दो की फरारी के बाद खौफ में कई परिवार, पुलिस पर लगाया यह गंभीर आरोप
कुख्यात बदन सिंह बद्दो के फरार होने की जानकारी लगते ही मेरठ में कई परिवारों में खौफ पैदा हो गया। दहशत में आए इन परिवारों के लोगों ने टीपीनगर थाने पहुंचकर पुलिस की भूमिका पर नाराजगी जताई कि इतना बड़ा शातिर अपराधी कैसे भगा दिया। बोले कि बद्दो को भगाने में उसका बेटा सिकंदर है, जिसने प्लानिंग बनाई। अधिकारियों ने कहा कि पीड़ित परिवारों की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी।
पुलिस कस्टडी से बद्दो के फरार होने की जानकारी शहर में तेजी से फैली। बद्दो पर रविंद्र गुर्जर और संजय गुर्जर की हत्या करने, रंगदारी मांगने और लूटपाट के कई केस दर्ज हैं। बद्दो को साल 2017 में रविंद्र की हत्या में उम्रकैद की सजा हुई, तब से वह जेल में बंद था। उसका बेटा सिकंदर पढ़ाई के साथ- साथ अपने पिता की पैरवी में जुटा था। बद्दो से कई परिवारों ने जान का खतरा बताया हुआ है, जिनमें कई को पुलिस सुरक्षा दी गई है।
भागा नहीं भगाया गया है
बद्दो के फरार होने की जानकारी पर रविंद्र का भाई देवेंद्र गुर्जर व संजय गुर्जर का भाई अजय गुर्जर समेत दर्जनों लोग टीपीनगर थाने पहुंचे। पीड़ित लोगों ने कहा कि बद्दो भागा नहीं, भगाया गया है। बद्दो को भागने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। हवालात में बंद आरोपियों को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। उनकी भूमिका को लेकर पीड़ित परिवारों में जबरदस्त आक्रोश था।
हमारी जान खतरे में
पीड़ित परिवार के लोगों ने खुद की जान का खतरा जताकर एसएसपी से सुरक्षा मांगी है। एसएसपी ने उनको आश्वासन दिया कि उनकी सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। बद्दो को पुलिस जल्द गिरफ्तार करेगी। पीड़ित परिवार के लोगों ने आक्रोश जताते कहा कि वह शातिर अपराधी है। उसने हमको मारने के लिए यह प्लानिंग बनाई है। कोर्ट भी उसको सजा सुना चुका है।
तीन जगह दबिश, 15 हिरासत में
बद्दो और उसके गुर्गों की तलाश में पुलिस और एसटीएफ ने गुरुवार आधी रात को कई जगहों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। तीन जगहों से 15 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक बद्दो की फरारी के मामले में पपीत निवासी बढ़ला परीक्षितगढ़, लल्लू मक्कड़ निवासी पंजाबीपुरा टीपीनगर और पामग्रीन सुपरटेक निवासी ट्रांसपोर्टर के घर समेत कई जगह पुलिस ने दबिश दी।
वहीं परीक्षितगढ़ से पुलिस ने चार लोगों को, टीपीनगर से दो लोग समेत अलग-अलग जगहों से 15 लोगों को हिरासत में लिया। देर रात तक इन लोगों से पुलिस पूछताछ करने में जुटी रही। एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने बद्दो की फरारी में शामिल छह लोगों के नाम बताए हैं जिनकी जांच हो रही है।
कई राज्यों की पुलिस हुई अलर्ट
बद्दो के फरार होने के बाद मेरठ पुलिस के अलावा गाजियाबाद, फर्रुखाबाद, दिल्ली पुलिस भी अलर्ट हो गई। पुलिस को अंदेशा है कि बद्दो हत्या भी करा सकता है। जिसके बाद मामला डीजीपी तक पहुंचा तो नोएडा और मेरठ यूनिट की एसटीएफ ने भी जाल बिछा दिया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/