फर्जी दरोगा बनकर करते थे अवैध हथियारों की सप्लाई, गिरफ्तारी के बाद खुले कई बड़े राज
चुनाव में हथियारों की सप्लाई करने वाले दो तस्करों को मीरापुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। ये फर्जी दरोगा बनकर अवैध हथियारों की सप्लाई करते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में मस्कट और तमंचों के अलावा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस उन लोगों की तलाश में जुटी है, जहां से ये अवैध हथियार लाते थे और जिन लोगों को बेचने जा रहे थे। मामला यूपी के मुजफ्फरनगर जनपद का है।
पुलिस लाइन के सभागार में एसएसपी सुधीर कुमार सिंह और एसपी देहात आलोक शर्मा ने पत्रकारों को इस संबंध में जानकारी दी। बताया कि मीरापुर इंस्पेक्टर पंकज त्यागी को सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध हथियारों की तस्करी करने आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। शीतला माता मंदिर के पास कुछ देर में बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवारों ने पुलिस पर फायरिंग की। इस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से एक बोरे में बंद 12 बोर की सात मस्कट, 315 बोर की दो मस्कट, पांच तमंचे 315 बोर के, दो तमंचे 12 बोर के और काफी संख्या में कारतूस बरामद हुए। साथ ही तलाशी लेने पर दोनों के पास से पुलिस के एसआई के दो फर्जी परिचय पत्र भी मिले। थाने लाकर की गई पूछताछ में दोनों बदमाशों ने अपने नाम दिलशाद पुत्र रहीसू और सनव्वर पुत्र मुनफैद निवासीगण गांव जौला, बुढ़ाना बताए।
एसएसपी ने बताया कि दोनों बदमाश लोकसभा चुनाव के चलते इन अवैध हथियारों को इलाके में बेचने के लिए आए थे। इनका उद्देश्य चुनाव को प्रभावित करना था। एसएसपी ने पुलिस टीम को दस हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
फर्जी दरोगा बन कर करते थे हथियारों की सप्लाई
एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए हथियार तस्करों के पास से पुलिस विभाग के एसआई के दो फर्जी परिचय पत्र मिले हैं, जो इन्होंने अपने नाम से ही बना रखे थे। बाजार से परिचय पत्र का प्रोफार्मा बना कर फर्जी मोहर लगा कर एसआई के फर्जी आईकार्ड बनाए गए थे। जहां भी कोई चेकिंग होती थी तो ये अपना फर्जी आईकार्ड दिखा कर बच जाते थे।
हथियार बेचने और लेने वाले भी टारगेट पर
एसएसपी ने बताया कि चुनाव के दौरान हथियार सप्लाई कर चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। दोनों बदमाशों से की गई पूछताछ में जहां से हथियार लाए थे और जहां बेचने जा रहे थे, उन लोगों को भी पुलिस ने सूचीबद्ध किया है, जिसकी तलाश में दबिश डाली जा रही है, जल्द ही हथियार तस्करों के और साथी भी गिरफ्तार कर हथियार बरामद किए जाएंगे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/