कानपुर: शराब के नशे में युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, आम के पेड़ से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
Kanpur News: नर्वल थाना क्षेत्र अंतर्गत अखरी गांव में मंगलवार देर रात युवक ने शराब के नशे में घर के पीछे आम के पेड़ से अपनी ही शर्ट का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विस्तार
कानपुर में नर्वल थाना क्षेत्र के अखरी गांव में मंगलवार देर रात एक युवक ने घर के बाहर लगे आम के पेड़ से लटककर जान दे दी। युवक ने अपनी ही शर्ट उतारकर फंदा बनाया था। मृतक की पहचान प्रदीप कुमार (23) के रूप में हुई है। वह गुजरात में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और करीब दो महीने पहले ही घर लौटा था।
परिजनों के अनुसार वह शराब का लती था। बताया गया कि मंगलवार सुबह प्रदीप ने पिता सुंदरलाल को मजदूरी पर जाने से रोका था। शाम को शराब के नशे में उसने पिता से गाली-गलौज की और घर के पीछे चला गया। देर रात तक वापस न आने पर परिजन तलाश करने लगे।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इस दौरान बड़ा भाई प्रवीन जब घर के पीछे गया, तो प्रदीप का शव आम के पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची नर्वल पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।