यूपी: जहर खाकर थाने पहुंची युवती, प्रेमी से करना चाहती है शादी, पढ़िए- आगे क्या हुआ
मुजफ्फरनगर में प्रेमी संग शादी नहीं होने देने से नाराज युवती जहर खाकर ककरौली थाने जा पहुंची। पीड़िता ने कई साल से गांव के ही युवक से प्रेम करने और परिजनों द्वारा किसी और से जबरन शादी कराने का प्रयास करने का आरोप लगाया। युवती की हालत बिगड़ती देख पुलिस उसे मोरना पीएचसी ले गई, जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती बुधवार सुबह करीब 11 बजे जहर खाकर थाने जा पहुंची। बदहवास युवती को देख पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि वह गांव के ही युवक से कई साल से प्रेम करती है। इसकी जानकारी लगने पर परिजन अब उसकी शादी किसी और से करने की तैयारी कर रहे हैं, जबकि वह प्रेमी संग ही शादी करना चाहती है। हालत बिगड़ने की बाबत पूछे जाने पर युवती ने जहर खाने की बात कही, जिस पर पुलिसकर्मियों के हाथ-पैर फूल गए। आनन-फानन में युवती को थाने के बाहर खड़ी डायल-112 की पीआरवी-2229 पर तैनात योगवीर सिंह द्वारा मोरना पीएचसी भिजवाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने उसके परिजनों को भी सूचना दे दी है।
यह भी पढ़ें: प्रेमी ने किया इनकार तो इंस्पेक्टर बोला- थाने में तैनात दीवान से करा दें शादी
जिसके लिए खाया जहर, उसने नहीं ली सुध
ककरौली क्षेत्र के गांव निवासी युवक-युवती का काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा है। कुछ माह पूर्व उनके बारे में युवती के परिजनों को पता चल गया था, जिसके बाद से युवती पर उसे भूलने का दबाव बनाया जा रहा था। इसके चलते युवती कई दिन से मानसिक तनाव में थी और बुधवार को यह कदम उठा लिया। हैरत यह कि जिस प्रेमी की खातिर युवती ने इतना बड़ा कदम उठाया, उसने उसकी सुध तक नहीं ली।
थाना प्रभारी विजय बहादुर ने बताया कि क्षेत्र के गांव की एक युवती जहर खाकर थाने आ गई थी, जिसने पूछताछ में एक युवक से प्रेम करने और परिजनों पर उसके स्थान पर किसी और युवक से जबरन शादी कराने का प्रयास करने का आरोप लगाया था। हालत बिगड़ती देख युवती को मोरना पीएचसी भिजवा दिया गया था, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। युवती के परिजनों भी वहां पहुंच गए हैं। यदि तहरीर आती है तो कार्रवाई की जाएगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/