मर्डर: फार्म हाउस में नौकर की बलकटी से काटकर हत्या, लाश फूंकी
यूपी के मुजफ्फरनगर में मामूली विवाद को लेकर हुई कहासुनी के बाद युवक ने अधेड़ साथी नौकर की बलकटी से काटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं बल्कि लाश को भी फूंक दिया। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त बलकटी बरामद की है। साथ ही लाश के अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। फार्म मालिक की तहरीर पर हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज करते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मेरठ जनपद निवासी सुनील और भूपेंद्र ने करीब छह साल पूर्व पुरकाजी खादर क्षेत्र के गांव बढ़ीवाला में 225 बीघे का कृषि फार्म खरीदा था। फार्म हाउस पर मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के गांव चिंदौड़ी निवासी योगेश व उत्तराखंड के झबरेड़ा थाना क्षेत्र के गांव सोशाढ़ी खुर्द निवासी रणबीर (55) पुत्र कालूराम काम कर रहे हैं। योगेश अपनी पत्नी के साथ व रणबीर अकेला फार्म पर ही बने कमरों में रहते हैं। शुक्रवार रात योगेश व रणबीर साथ बैठे बातें कर रहे थे, जबकि योगेश की पत्नी अंदर कमरे में सोई थी। देर रात किसी बात को लेकर योगेश व रणबीर की कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर योगेश ने पास ही रखी बलकटी उठाकर रणबीर पर ताबड़तोड़ वार करते हुए उसकी नृशंस हत्या कर दी। हत्या करने के बाद भी गुस्सा शांत नहीं होने पर योगेश ने रणबीर की लाश उठाकर झोपड़ी के पास रखी लकड़ियों में डालकर फूंक दी।
वहीं शनिवार सुबह गुस्सा शांत होने के बाद हत्यारोपी योगेश ने फार्म मालिकों को फोन कर खुद की रणबीर की हत्या कर लाश फूंकने की जानकारी दी, जिस पर फार्म मालिकों के होश उड़ गए। फार्म मालिकों ने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिससे पुलिस में भी हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सीओ सदर रिजवान अहमद और पुरकाजी इंस्पेक्टर अमरदीप लाल ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर हत्यारोपी नौकर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त बलकटी भी बरामद कर ली।
वहीं, योगेश की निशानदेही पर पुलिस ने फूंकी गई लाश के अवशेष भी कब्जे में लेते हुए घटनास्थल की घेराबंदी कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में फार्म स्वामी सुनील की तहरीर पर हत्यारोपी योगेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
सीओ सदर रिजवान अहमद का कहना है कि नशे में हुई कहासुनी के बाद नौकर ने ही साथी की बलकटी से काटकर हत्या करने के बाद लाश को जलाने की कोशिश की है। आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त बलकटी बरामद कर ली गई है। इसके साथ ही लाश के अवशेष भी कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिए गए हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/