डीजे बजाने पर संघर्ष, दो गांवों के बीच जमकर पथराव, आधा दर्जन लोग घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के मुजफ्फरनगर शहर में तेज आवाज से डीजे बजाने के विवाद में दो गांवों के ग्रामीणों के बीच संघर्ष हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। पथराव से गांव में अफरातफरी मच गई। हमले और पथराव में छह लोग घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ा। पुलिस ने बमुश्किल ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है।
जानसठ थाना क्षेत्र के गांव अखलाकपुरा व सादपुर गांव खतौली रोड पर आमने-सामने बसे हुए हैं। गांव सादपुर की धर्मस्थल की दुकानों में गांव निवासी रईस पुत्र शब्बीर डीजे की दुकान करता है। दुकान के सामने सड़क के दूसरी ओर गांव अखलाकपुरा निवासी इरशाद पुत्र मकसूद का मकान है। शनिवार की सुबह दुकान पर रईस ने तेज आवाज में डीजे बजाना शुरू कर दिया। अखलाकपुरा निवासी इरशाद ने तेज आवाज में डीजे बजाने का विरोध किया। इसको लेकर दोनों में कहासुनी होने के बाद मारपीट हो गई। मारपीट होने की जानकारी दोनों गांवों के परिजनों व ग्रामीणों को लगी। इससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। इस घटना को लेकर दोनों गांवों के ग्रामीण आमने-सामने आ गए। ग्रामीणों के बीच लाठी व डंडे चल गए। दोनों गांवों के ग्रामीणों ने जमकर एक दूसरे पर पथराव करना शुरू कर दिया। पथराव से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई।
वहीं गांव में पथराव की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस लाठियां फटकार कर ग्रामीणों को खदेड़ा और बमुश्किल ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत किया। पुलिस ने घायल हुए आकिल, शहरदात, आरिफ और दूसरे पक्ष के एहसान समेत आधा दर्जन घायल ग्रामीणों को सीएचसी में भर्ती कराया।
उधर, इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्रा ने बताया कि मामूली बात को लेकर आपस में झगड़ा हो गया था। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दे दी गई है। जांच पड़ताल करके मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/