बिजनौर: युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या, परिजनों ने रोड पर शव रखकर लगाया जाम
बिजनौर जनपद के गांव नौरंगाबाद में युवक की चार लोगों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने जांच कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी कोतवाल नरेश कुमार का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद पुलिस मौत के कारणों का खुलासा करेगी। परिजनों की ओर से गांव के ही चार युवकों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
धामपुर थाना क्षेत्र के गांव नौरंगाबाद निवासी मोहम्मद हनीफ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पुत्र मोहम्मद अकरम (35) की गांव के ही चार युवकों के साथ दो दिन पहले कहासुनी हो गई थी। इसी बात के लेकर आरोपियों ने उसके पुत्र के साथ सुनियोजित ढंग से एक राय होकर लाठी-डंडों से मारपीट की। उसके सिर और शरीर के अन्य भागों पर चोट के गंभीर जख्म बने हैं। मारपीट की घटना के बाद परिजनों ने घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। गांव के चार युवकों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
वहीं, प्रभारी कोतवाल नरेश कुमार के मुताबिक मामला संदिग्ध लग रहा है। बताया गया है कि अकरम नशे का आदी था। दो दिन पहले उसने शराब का अधिक सेवन किया था। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। सोमवार को उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश सचिव के बेटे की हत्या, आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश, तस्वीरें
गिरफ्तारी के लिए मार्ग पर शव रखकर लगाया जाम
अकरम के पिता मोहम्मद हनीफ ने बताया कि उनके पुत्र की गांव के ही युवकों ने लाठी-डंडों से पीटकर हत्या की है। उनके द्वारा पुलिस को आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई के लिए तहरीर सौंप दी है, पर पुलिस की ओर से अभी तक न तो रिपोर्ट कायम की गई और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकी है।
वहीं मृतक के परिजनों ने शव को मुरादाबाद मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। सैकड़ों लोगों ने जाम लगाकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। जाम लगने से मार्ग पर दोनों ओर काफी लंबी वाहनों की कतार लग गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी हुई। सीओ महावीर सिंह राजावत और रानीबाग पुलिस चौकी के दरोगा सुरेशपाल ने आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा देकर लोगों को शांत किया। तब जाकर लोगों ने जाम को खोला।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/