मुजफ्फरनगर: युवक की गला रेतकर हत्या, लहूलुहान हालत में पड़ी मिली लाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर के एक गांव में खेतों पर ईख छीलने गए युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। युवक की लाश शनिवार सुबह खेत पर ट्यूबवेल की हौज में पड़ी मिली। परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या के विरोध में जमकर हंगामा करते हुए घंटों तक पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। अफसरों के जल्द ही घटना का खुलासा कराने और आर्थिक सहायता का आश्वासन मिलने पर ही पुलिस लाश को कब्जे में ले पाई। परिजनों ने दो लोगों के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। चार लोगों को शक के आधार पर हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
तितावी थाना क्षेत्र के गांव लखान निवासी पोपिन उर्फ प्रमुख (26) पुत्र पाल्ली ठेके पर गन्ना छीलने का काम करता था। हाल में उसने गांव के ही नरेश उर्फ टीटू व रविंद्र पुत्रगण सतपाल की ईंख छीलने का ठेका लिया हुआ था। शुक्रवार को नरेश उर्फ टीटू उसे अपने साथ घर से बुलाकर ले गया था, जिसके बाद पोपिन घर नहीं लौटा। शनिवार सुबह करीब छह बजे पोपिन को देखने टीटू खेत पर पहुंचा, तो वहां पोपिन की लाश ट्यूबवेल की हौज में पड़ी मिली, जिसकी गर्दन रेतकर हत्या की गई थी। पोपिन की हत्या की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पर एसओ तितावी क्षितिज कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लाश को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने उन्हें लाश उठाने से रोक दिया। हंगामे की सूचना पर सीओ फुगाना हरिराम, सीओ बुढ़ाना विजय प्रकाश, एसडीएम सदर कुमार धर्मेंद्र और तहसीलदार अमित कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। इसी दौरान भाकियू नेता धीरज लाटियान भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिजनों को आर्थिक सहायता और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। घंटों हंगामे के बाद आखिरकार अफसरों ने पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये प्रधानमंत्री श्रमिक योजना, 30 हजार रुपये पारिवारिक लाभ योजना के साथ ही किसान दुर्घटना बीमा से भी मदद दिलाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करने का आश्वासन दिया।
इसके बाद ही जाकर परिजन शांत हुए। फिर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। पुलिस ने शक के आधार पर रणवीर, धर्मपाल, टीटा व शेरसिंह निवासीगण टाब्बर थाना नकुड़, जिला सहारनपुर को हिरासत में लिया है। वहीं, पोपिन के भाई योगेश ने नरेश उर्फ टीटू व रविंद्र के खिलाफ नामजद तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभकर दी है।
भीम आर्मी ने दी आंदोलन की चेतावनी
गांव लखान निवासी पोपिन की हत्या के बाद भीम आर्मी के चरथावल विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी अजयपाल पालीवाल, जिलाध्यक्ष शामली विशाल कुमार व जिला सचिव प्रमोद कुमार भी कार्यकर्ताओं के साथ गांव पहुंचे और पीड़ित परिजनों को सांत्वना दी। भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने बाद में एसओ तितावी क्षितिज कुमार से मिलकर हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए जल्द वारदात का खुलासा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। एसओ ने जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। एसओ ने बताया कि पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। शक के आधार पर कुछ लोगों को थाने बैठाया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
तीन बच्चों के सिर से उठ गया पिता का साया
गांव लखान निवासी पोपिन के परिवार में पत्नी सोनिया और तीन मासूम बच्चे अंशु (5), वंशिका (3) और दीपांशी दो साल हैं, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए छिन गया। इनके अलावा, परिवार में पोपिन की विधवा मां केला देवी और दो भाई योगेश व लोकेंद्र हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/