उत्तर प्रदेश: मुठभेड़ में गो-तस्करी का आरोपी ढेर, पिता ने कहा- बेकसूर था मेरा बेटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी में मेरठ देहात के जंगल में मंगलवार को सरधना पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में गो-तस्करी का आरोपी पुलिस की गोली से ढेर हो गया। सरधना पुलिस गो-तस्करों की पिकअप का पीछा करते समय सरूरपुर तक पहुंच गई थी। मौके से छह गोतस्कर फरार हो गए। गोलीबारी में एक आरोपी के सिर में तो एक दरोगा के हाथ में गोली लगी। मरने वाले आरोपी की पहचान इरशाद (21) पुत्र दिलशाद निवासी रियावली नंगला थाना रतनपुरी मुजफ्फरनगर के रूप में हुई। एसएसपी के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
एसपी देहात मेरठ राजेश कुमार के मुताबिक सरधना थाने में तैनात दरोगा ओमप्रकाश आर्य तीन सिपाहियों के साथ सोमवार आधी रात को थाने की सरकारी सूमो गाड़ी से गश्त पर थे। मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे महेंद्रा पिकअप में सवार सात लोग गोवंश लेकर जा रहे थे। पुलिस ने गोवंश से लदी इस गाड़ी रुकवाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने सूमो गाड़ी में टक्कर दे मारी। काफी दूर पीछा करने के बाद पुलिस ने इन आरोपियों की घेराबंदी कर ली। आरोपियों ने पुलिस पर पथराव और फायरिंग कर दी।
दरोगा को गोली लगी तो हुई गोलीबारी
मुठभेड़ के दौरान एक गोली दरोगा ओमप्रकाश आर्य के बाएं हाथ को चीरती हुई निकली तो साथी पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की एक गोली एक आरोपी के सिर में जाकर लगी और वह गाड़ी से नीचे जा गिरा। साथी को गोली लगने पर अन्य आरोपी गाड़ी को छोड़कर फायरिंग करते हुए ईख के खेत में घुस गए। उधर, मुठभेड़ की जानकारी लगते ही सरूरपुर थाने की मुल्हैड़ा चौकी पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घायल आरोपी को अपनी गाड़ी से कंकरखेड़ा हाईवे स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस फोर्स ने जंगल में कराई कांबिंग
मुठभेड़ की जानकारी पाकर एसपी देहात व सीओ सरधना कई थानों की पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। जंगल में अन्य आरोपियों की तलाश में कांबिंग कराई गई। लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ा। एसपी देहात के अनुसार आरोपियों से बरामद महेंद्रा पिकअप में चार गोवंश लदे थे। दो तमंचे और कारतूस भी बरामद हुए हैं।
मेरा बेटा बेकसूर था: दिलशाद
मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे मृतक इरशाद के पिता दिलशाद और परिजनों ने मेरठ पुलिस पर आरोप लगाकर हंगामा किया। दिलशाद ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके बेकसूर बेटे की हत्या की है। इसको लेकर वह उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे। उनके बेटे के खिलाफ एक भी मुकदमा पंजीकृत नहीं है। वह ड्राइविंग करता था। गो तस्करों से उसका कोई लेना देना नहीं था। सोमवार रात आठ बजे से वह लापता था।
आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं
गोतस्करों ने पुलिस टीम पर गोलियां चलाई, जिसमें एक दरोगा के हाथ में गोली लगी। जवाबी फायरिंग में एक गोतस्कर के सिर में गोली लगी। जिसमें उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस उसका आपराधिक रिकार्ड खंगालने में जुटी है। -अखिलेश कुमार, एसएसपी मेरठ
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/