भरोसे में लेकर सिपाही का मर्डर, पुलिस अधिकारी जल्द कर सकते हैं बड़ा खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ के फलावदा में हुई सिपाही अंकुर चौधरी की हत्या के मामले में पुलिस की जांच कई बिंदुओं पर टिकी है। रविवार को एसपी देहात राजेश कुमार, एएसपी सतपाल सिंह और सीओ मवाना पंकज सिंह ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। पुलिस अधिकारियों की मानें तो अंकुर की हत्या भरोसे में लेकर की गई थी।
निशानों ने उलझाया
पुलिस अधिकारियों की जांच मौके से मिले तमंचे और हाथ के निशान पर टिकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सिपाही के बाएं हाथ पर निशान ज्यादा थे, जबकि दाएं हाथ पर कम निशान थे। जबकि सिपाही अंकुर का दायां हाथ ही चलता था। ऐसे में यह भी माना जा रहा है कि हत्यारों से छीनाझपटी हुई, जिसमें पहले गोली पेट में लगी, उसके बाद हत्यारों ने कान के ऊपर कनपटी से सटाकर गोली मारी।
विश्वास में मारा गया अंकुर
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार जांच में सामने आ रहा है कि अंकुर की हत्या विश्वास में लेकर की गई थी। पुलिस चौकी से करीब 700 मीटर दूर ईख के खेत में अंकुर का शव मिला था। शव मिलने वाले स्थान से 150 मीटर पास तक बाइक या अन्य कोई वाहन नहीं जा सकता। उस स्थान पर वही जा सकता है जो रास्ते को जानता होगा। रास्ता पूरी तरह सुनसान है।
एफएसएल भेजा सामान
पुलिस ने सिपाही के शव के पास से 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस और तीन खोखे बरामद किए थे। मौके पर मिले ब्लड के सैंपल भी फोरेंसिक टीम ने लिए थे। सीओ मवाना पंकज सिंह का कहना है कि तमंचा, कारतूस और खोखे गाजियाबाद की निवाड़ी फोरेंसिक लैब भेज दिए गए हैं। कुछ साक्ष्य फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे। हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच के ऑफिस में कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। इनमें फलावदा के अलावा महलका के कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
फफक पड़े अंकुर के पिता
रविवार को अंकुर के पिता राजकुमार, ताऊ जयदेश व अन्य परिजन पुलिस चौकी पहुंचे। वहां अंकुर का बिस्तर देख पिता फफक पड़े। उनका कहना था कि परिवार बर्बाद हो गया। बीती गुरुवार रात करीब 11 बजे अंकुर का फोन आया था। उसने शादी से संबंधित बातें की थीं। वह उस समय खुश था। पुलिस चौकी से परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में उस व्यक्ति के घर भी गए, जिसने सबसे पहले शव पड़ा देखा था। हालांकि उससे मुलाकात नहीं हो सकी। परिजनों का कहना है कि सही खुलासा होना चाहिए। कोई बेगुनाह न फंसाया जाए। कातिलों को सख्त से सख्त सजा मिले।
हत्या के खुलासे को लेकर कई बिंदुओं पर जांच चल रही है। पुलिस और क्राइम ब्रांच की अलग-अलग टीमें लगी हैं। कुछ क्लू मिले हैं जिन पर जांच आगे बढ़ रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर देंगे। - अखिलेश कुमार, डीआईजी
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/