यूपी: फेसबुक पर दिल्ली की किशोरी से दोस्ती, मेरठ बुलाकर होटल में सामुहिक दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
यूपी के मेरठ जिले में दिल्ली की एक किशोरी से होटल में सामुहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी को मेरठ से गिरफ्तार कर लिया है। आगे जानें पूरा मामला:-
दिल्ली की किशोरी से पहले फेसबुक पर दोस्ती की और फिर मेरठ बुलाकर होटल में सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार लिसाड़ी गेट निवासी शाहरुख ने दो माह पहले फेसबुक पर एक किशोरी को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। उसके बाद दोनों के बीच मेसेंजर पर बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया था।
इस बीच शाहरुख ने किशोरी को मेरठ बुलाया और उसे दिल्ली रोड स्थित मुकुट महल होटल में ले गया। जहां किशोरी से चार युवकों ने दुष्कर्म किया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपी करीब दो माह तक किशोरी को लिसाड़ी गेट में बंधक बनाकर दुष्कर्म करते रहे। करीब एक सप्ताह पहले किशोरी कब्जे से छूटकर दिल्ली पहुंच गई थी। किशोरी की शिकायत पर थाना चांदनी महल दिल्ली में मुकदमा पंजीकृत हुआ था।
मेरे यहां ऐसा मुमकिन नहीं
मेरे यहां ऐसा मुमकिन नहीं है। हमने यहां 32 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं जो हर समय ऑन रहते हैं। किसी नाबालिग लड़की को भी किसी लड़के के साथ कमरा किराए पर दिया ही नहीं जा सकता है। पुलिस जांच में सब स्पष्ट हो जाएगा । -मुकेश गुप्ता, संचालक मुकुट महल होटल
पीड़िता ने बताया कि शाहरुख घंटाघर के पास अपने दोस्त के जिम जाता था। सोमवार को थाना चांदनी महल के दरोगा प्रशांत कुमार सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला से मिले। सीओ के निर्देश पर एसओ देहलीगेट विजय गुप्ता और दिल्ली पुलिस की टीम ने शाहरुख को जिम संचालक के जरिये गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी शाहरुख ने बताया है कि मुकुट महल होटल में कई बार दो हजार रुपये में कमरा बुक करते थे। सवाल है कि किशोरी साथ होने के बावजूद होटल में कमरा कैसे मिल गया। कोई आईडी भी नहीं ली गई। पुलिस ने लिखापढ़ी में होटल का नाम लेकर इसकी जांच कराने की बात कही।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/