यूपी: मुठभेड़ में दबोचे गए 25-25 हजार के दो इनामी समेत 4 बदमाश, बाल- बाल बची दरोगा की जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के मुजफ्फरनगर जिले में बुधवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने 25-25 हजार के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। उधर, नई मंडी कोतवाली पुलिस ने फरार दोनों बदमाशों को घेर लिया। इस बीच बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। वहीं पुलिस अधिकारियों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों बदमाशों को गोली मार दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कुल चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
ये था मामला
कस्बे के तालड़ा मोड़ स्थित भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड कंपनी के कैशियर चिराग व लिपिक शादाब से बाइक सवार चार लुटेरों ने दिनदहाड़े 8.28 लाख की नकदी लूटकर सनसनी फैला दी थी। बुधवार देर रात इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी, क्राइम ब्रांच प्रभारी इंस्पेक्टर आरबी कौल और कस्बा चौकी प्रभारी एसआई चंद्रसेन सैनी ने सूचना के आधार पर टीम के साथ जटवाड़ा नहर पुल पर चेकिंग अभियान शुरू किया था।
इसी दौरान दो बाइकों पर आते चार संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बाइक सवार दो युवकों को दबोच लिया। पुलिस ने बाद में फरार दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ की सूचना पर पहुंचे एसपी देहात आलोक शर्मा ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र के गांव अंगरौला निवासी प्रवीण पुत्र बीरसेन और ककरौली क्षेत्र के गांव जड़वड़ निवासी कपिल पुत्र दरख सिंह हैं। दोनों लुटेरों पर 25-25 हजार का इनाम भी घोषित है। लुटेरों के पास से लूटी गई धनराशि में से 3.62 लाख रुपये, दो तमंचे-कारतूस व एक बाइक बरामद की गई है। जबकि उनके दो साथी खरखौदा निवासी विमल और ट्रॉनिका सिटी गाजियाबाद निवासी मनीष फरार हो गए थे।
फरार लुटेरों की सूचना पर नई मंडी कोतवाली इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने भी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान बागोवाली बाईपास पर पुलिस टीम ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग कर दी। इसमें एक गोली टीम में शामिल एसआई रामवीर सिंह को सीने में लगी। लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण उनकी जान बच गई।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। जिसमें दोनों लुटेरों के पैरों में गोलियां लगने से लहूलुहान हो गए। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि लुटेरों के पास से 2.90 लाख रुपये नकद, तमंचा, कारतूस व बाइक के साथ ही कुछ अभिलेख भी बरामद हुए हैं। बरामद नकदी जानसठ में फाइनेंस कंपनी से लूटी गई धनराशि में से बची हुई है। जबकि बाइक भी लूट में ही इस्तेमाल की गई थी। बरामद किए गए अभिलेखों की जांच की जा रही है। मुठभेड़ की सूचना पर एसएसपी सुधीर कुमार सिंह व एसपी सिटी सतपाल अंतिल ने भी मौके पर पहुंचकर पकड़े गए लुटेरों से पूछताछ की।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/