पश्चिमी यूपी में ताबड़तोड़ एनकाउंटर, पुलिस ने दो इनामी सहित तीन बदमाशों के पैर में मारी गोली
उत्तर प्रदेश के मेरठ और बागपत जिले में बुधवार शाम को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो इनामी सहित तीन बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बता दें कि टीपीनगर थाना पुलिस ने बुधवार देर शाम मुठभेड़ में 25 हजारी शराब माफिया को उसके साथी के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार शाम सूचना मिली कि गैंगेस्टर में वांछित 25 हजार का इनामी शराब माफिया कल्लू वेदव्यासपुरी के जंगल में मौजूद है। वह अवैध शराब की सप्लाई के लिए निकला है।
सूचना पर इंस्पेक्टर टीपीनगर प्रमोद गौतम, एसएसआई संजय शर्मा ने पुलिस बल के साथ बदमाश को वेदव्यासपुरी के जंगल में घेर लिया। तभी बदमाश ने अपने साथी के साथ पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
इंस्पेक्टर टीपीनगर ने बताया कि पकड़े गये बदमाश चौहानपुरी टीपीनगर निवासी कल्लू पुत्र शशिप्रकाश और आजाद पुत्र वीरसेन हैं। दोनों शराब माफिया हैं। काफी समय से वांछित थे। दोनों के खिलाफ दो दर्जन ज्यादा मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनके कब्जे से 100 लीटर एथनॉल, छह कट्टी अवैध शराब से भरी 200 पन्नी के पैकेट, दो सीएमपी, चार कारतूस 315 बोर व एक चोरी की बाइक बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि कल्लू पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
वहीं बागपत में रमाला बस स्टैंड के पास बिजवाड़ा रजबहे की पटरी पर पुलिस से बदमाशों की मुठभेड़ हुई। गोली लगने से 15 हजार रुपये का इनामी बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी भाग निकला। घटना स्थल से पुलिस ने दो तमंचे और एक बाइक बरामद की। आरोपी बदमाश बूढ़पुर गांव में अनुसूचित जाति की युवती को गोली मारकर घायल करने की घटना में फरार चल रहा था। पुलिस ने घायल बदमाश को सीएचसी बड़ौत में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी है।
सीओ रमाला अनुज चौधरी को सूचना मिली कि जय पार्वती ग्लोबल स्कूल रमाला के पास बिजवाड़ा रजबहे की पटरी पर दो बदमाश घूम रहे हैं। सीओ ने रमाला थाना पुलिस को साथ लेकर रजबाहे की पटरी पर घेराबंदी की। इस दौरान दो बदमाश बाइक पर आए। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। पुलिस की गोली लगने से 15 हजार रुपये का इनामी कपिल निवासी ऊन थाना झिझाना जनपद शामली घायल हो गया, जबकि उसका साथी भाग निकला। पुलिस ने घायल बदमाश को सीएचसी बड़ौत पर भर्ती कराया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। चिकित्सकों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
सीओ अनुज चौधरी ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश कपिल बूढ़पुर के पूर्व प्रधान का साला है। 23 मई की रात में उसने बूढ़पुर गांव में अनुसूचित जाति की युवती को गोली मारकर घायल कर दिया था। युवती ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। वह फरार चल रहा था। एसपी ने उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। उस पर शामली, बागपत, मुजफ्फरनगर जनपदों में जानलेवा हमले, लूट के सात मुकदमे दर्ज हैं। फरार हुए उसके साथी का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/