मेरठ: नदी से निकाले बसपा नेता की पत्नी व बेटियों के शव, हत्यारोपी पर हमला
दिल्ली पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर मंगलवार को मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र में समौली गांव निकट काली नदी से बसपा नेता की पत्नी व दो बेटियों के शव बरामद किये। इस दौरान वहां इकट्ठा हुई भीड़ ने हत्यारोपी पर हमला बोल दिया। लेकिन पुलिस ने भीड़ पर काबू पाया और आरोपी को तुरंत गाड़ी में बैठाकर भेज दिया।
प्रोपर्टी डीलर के परिवार के शव बरामद
बता दें कि मेरठ में दौराला के समौली गांव के पास काली नदी में दिल्ली के प्रोपर्टी डीलर के परिवार के शव बरामद करने के लिए आरोपी की निशानदेही पर नदी में खुदाई शुरू की गई। नदी पर सुबह से ही ग्रामीणों की भीड़ लगी हैं। पुलिस टेन्ट लगाकर खुदाई कर रही है। समौली गांव मे मां व दो बेटियों का शव मिलने के बाद आरोपी को वापस ले जाते समय भीड़ ने हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को किसी तरह बचाकर गाड़ी में बैठाकर भेज दिया। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को दौड़ाया। वहीं मेरठ पुलिस ने भी काफी मदद की। पुलिस ने तीनों के शवों को मेरठ पीएम के लिए भेज दिया गया।
प्रोपर्टी डीलर मुनव्वर हसन की हत्या
गौरतलब है कि दिल्ली के बुराड़ी इलाके में बसपा नेता व प्रोपर्टी डीलर मुनव्वर हसन की हत्या नहीं बल्कि उसके पूरे परिवार की हत्या कर दी गई है। यह चौंकाने वाला खुलासा हसन की हत्या के मामले में गिरफ्तार उसके पार्टनर शाहिद खान उर्फ बंटी ने किया है। आरोपियों ने बसपा नेता की पत्नी व दो बटियों की हत्या कर शवों को मेरठ के दौराला में जमीन में दबा दिया, जबकि दोनों बेटों के शवों को बुराड़ी इलाके में दबा दिया। शाहिद ने मुनव्वर की करोड़ों की प्रोपर्टी पर कब्जा करने के लिए तीन लाख रुपए की सुपारी देकर यह हत्याएं कराईं। बुराड़ी पुलिस ने बंटी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए चार में से दो सुपारी किलर हैं।
वहीं मिली जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरनगर निवासी मुनव्वर हसन (45) सपरिवार बुराड़ी की भगत कॉलोनी स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल पर रहता था। वह 15 साल से प्रोपर्टी का धंधा करता था। बादली विधानसभा क्षेत्र से बसपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुका था। गत शनिवार 20 मई को दोपहर उसके दोस्त व पार्टनर बंटी ने पुलिस को सूचनी दी कि मुनव्वर की उसके घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस बंटी उसके दोस्त दीपक और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए। बंटी और उसके दोस्तों के बयान विरोधभासी थे। शक होने पर पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की। जिसमें उसने मुनव्वर की हत्या की बात कबूल ली।