बैंक लूट मामला: डीजीपी ने जताई नाराजगी, दिए 24 घंटे में खुलासे के निर्देश, ताबड़तोड़ दबिश
बागपत जिले में सिंडिकेट बैंक की शाखा तुगाना में दिन दहाड़े 15 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस अब तक खाली हाथ है। पांच टीमें खुलासे के लिए लगी हैं। पुलिस अब तक 26 संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर चुकी है। आईजी आलोक सिंह की टीम ने पड़ताल की। एसपी, एएसपी के अलावा क्राइम ब्रांच टीम ने छपरौली में डेरा डाल लिया है। डीजीपी ओमप्रकाश सिंह ने वारदात के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली और जल्द से जल्द खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद आईजी आलोक सिंह ने बैंक लूट के खुलासे के लिए शामली, बागपत, मुजफ्फरनगर और मेरठ जिले के तेज तर्रार पुलिस अधिकारियों की टीम गठित की है।
सोमवार को दिन दहाड़े बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने सिंडिकेट बैंक की शाखा तुगाना में लूट की घटना को अंजाम दिया। बदमाश मैनेजर हरमिंदर की कनपटी पर तमंचा रखा कर 15 लाख कैश लूट ले गए। बैंक मैनेजर ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। आईजी आलोक सिंह ने टीम गठित कर घटना का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए। एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव, एएसपी अनिल कुमार सिंह, सीओ बड़ौत रामानंद कुशवाह के अलावा क्राइम ब्रांच की टीम ने छपरौली क्षेत्र में डेरा डाल रखा है। पुलिस अब तक 26 संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर चुकी है। रमाला-तुगाना मार्ग के अलावा गांवों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
यह भी पढ़ें: बागपत: सिंडीकेट बैंक से दिनदहाड़े 15 लाख लूटकर बदमाश फरार, सीसीटीवी की डीवीआर भी उड़ाई
पुलिस की एक टीम लूंब गांव के जंगल में भी कांबिंग कर बदमाशों की तलाश में जुटी है। पुलिस की टीमें बागपत, शामली के अलावा हरियाणा में भी दबिश दे रही हैं। लूट की घटनाओं में पूर्व में प्रकाश में आए बदमाशों की कुंडली खंगाली जा रही है, लेकिन अभी तक पुलिस खाली हाथ है। एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पांच टीमें लगी है। सर्विलांस की मदद ली जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ करने में पुलिस जुटी हुई है। जल्दी ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
डीजीपी ने 24 घंटे में खुलासे के दिए निर्देश
सिंडिकेट बैंक शाखा में 15 लाख की लूट के मामले में डीजीपी ओमप्रकाश सिंह ने घटना को लेकर नाराजगी जताई। अधिकारियों को 24 घंटे में घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए गए है। डीजीपी के निर्देश के बाद पुलिस अफसरों ने छपरौली क्षेत्र में डेरा डाल लिया है।
यह भी पढ़ें: यूपी में कितने बेखौफ हैं बदमाश, सच्चाई के लिए काफी है बैंक में लूट की ये वारदात, देखें तस्वीरें
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया ट्वीट
सिंडिकेट बैंक की शाखा तुगाना में दिन दहाड़े हुई 15 लाख की लूट के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर लिखा है कि उप्र में अपराध के हालात देखते हुए प्रदेश सरकार को एक बिंदुवार बुलेटिन शुरू कर देना चाहिए। इसमें बैंक लूट की वारदात का भी जिक्र किया गया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/