उत्तर प्रदेश में बदमाश कितने बेखौफ हैं इसका अंदाजा तो बैंक में हुई लूट की इस वारदात से ही लगाया जा सकता है। यहां बदमाशों ने मैनेजर की कनपटी पर तमंचा रखकर सिंडिकेट बैंक में से 15 लाख रुपये लूट लिए और सीसीटीवी की डीवीआर भी उड़ा ले गए। अगली स्लाइडों में तस्वीरों के साथ जानिए पूरा अपडेट-
यूपी में कितने बेखौफ हैं बदमाश, सच्चाई के लिए काफी है बैंक में लूट की ये वारदात, देखें तस्वीरें
यह घटना यूपी के बागपत जनपद में छपरौली थाना क्षेत्र की है। यहां सोमवार को दिन में रमाला मार्ग पर तुगाना गांव में तीन नकाबपोश बदमाशों ने सिंडिकेट बैंक शाखा के मैनेजर की कनपटी पर तमंचा रखकर 15 लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर स्वीपर को तमंचे की बटों से पीटकर घायल कर दिया। बदमाश सीसीटीवी की डीवीआर भी ले गए।
वहीं बैंक लूट से पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने बैंक का निरीक्षण किया और मैनेजर से जानकारी ली।
यह भी पढ़ें: मुठभेड़: महिला से कुंडल छीनकर भाग रहे बदमाशों को मारी गोली, दोनों अस्पताल में भर्ती
सोमवार को पुलिस सुरक्षा के दावों की कलई खुल गई। एसपी ने बताया कि दोपहर 2:15 बजे के लगभग बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश पहुंचे। एक बदमाश रमाला मार्ग पर बाइक लेकर खड़ा हो गया, जबकि दो बदमाश बैंक में घुस आए। बैंक में शाखा प्रबंधक हरमिंद्र, चार ग्राहक और सफाई कर्मचारी भूदेव मौजूद थे।
बदमाशों ने अंदर घुसते ही मैनेजर की कनपटी पर तमंचा रख दिया। सफाई कर्मचारी भूदेव ने विरोध किया तो उसे तमंचे की बट से मारकर घायल कर दिया। ग्राहकों को भी गोली मारने की धमकी दी गई। पहले बदमाशों ने कैश काउंटर पर रखे करीब छह लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद मैनेजर को स्ट्रांग रूम में ले गए। तिजोरी का लॉक खुलवा कर उसमें रखी करीब नौ लाख रुपये की नगदी लूट ली। बदमाश जाते समय सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी निकाल कर अपने साथ ले गए। वारदात के बाद बदमाश रमाला की तरफ भाग निकले।
यह भी पढ़ें: बेखौफ बदमाशों ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख के घर डाली डकैती, गन प्वाइंट पर लेकर 40 लाख की लूट