कुख्यात बद्दो की फरारी का मामला: 10 लाख की रिश्वत के मामले ने पकड़ा तूल, अब आईजी करेंगे जांच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोस्ट वांटेड बदन सिंह बद्दो की फरारी को लेकर 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोपों का मामला तूल पकड़ गया है। एडीजी जोन राजीव सभरवाल ने आईजी रेंज प्रवीण कुमार को इस पूरे प्रकरण की जांच सौंपते हुए रिपोर्ट मांग ली है।
बेरीपुरा टीपी नगर निवासी कुख्यात बदन सिंह बद्दो 28 मार्च 2019 को होटल मुकुट महल से फर्रुखाबाद पुलिस की कस्टडी से फरार हो गया था। पुलिस का दावा है कि होटल मालिक मुकेश गुप्ता को पहले से ही बद्दो की फरारी के प्लान का पता था और वह इस प्लान में शामिल था। पुलिस ने फरारी प्रकरण में मुकेश गुप्ता को मुख्य आरोपी बनाया है। लेकिन फरारी के सवा साल बाद भी मुकेश गुप्ता की गिरफ्तारी नहीं हुई। आरोप है कि संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह के नाम से मुकेश गुप्ता से 10 लाख रुपए की रिश्वत ली। तीन दिन पहले मुकेश गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद इसका खुलासा हुआ। आरोप नवीन गुप्ता पर है। लेकिन किरकिरी पुलिस विभाग की हो रही है। एसपी सिटी और व्यापारी नेता के बीच पैसे का लेनदेन हुआ या नहीं, इसकी जांच अब आईजी रेंज प्रवीण कुमार करेंगे।
गिरफ्तारी के बाद खुली पोल
कानपुर में सीओ समेत आठ पुलिस कर्मियों की शहादत के बाद पूरे प्रदेश में मोस्ट वांटेड अपराधियों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चल रहा है। मेरठ पुलिस की भी सवा साल बाद नींद टूटी और ढाई लाख के इनामी बदन सिंह बद्दो की फरारी के मामले में दर्ज मुकदमे में नामजद और जांच में आए आरोपियों पर फिर से शिकंजा कसना शुरू किया हुआ है। 11 जुलाई को ब्रह्मपुरी पुलिस ने होटल मालिक मुकेश गुप्ता के अलावा एक अन्य नामजद आरोपी अनिल छाबड़ा को जेल भेजा। गिरफ्तारी के बाद मुकेश के भाई नरेश कंसल ने आरोप लगाया कि उन्होंने संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता को 10 लाख रुपए दिए थे, जो कि एसपी सिटी के नाम से लिए गए थे। दो दिन से यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह भी पढ़ें: ...जब बाबा का खुला ऐसा राज, अफसर भी रह गए हैरान, मासूम बच्चों के साथ करता था ये घिनौना काम
रिश्वत लेने वालों को पुलिस जेल भेजे
पश्चिम उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष आशु शर्मा ने सोमवार को आईजी रेंज कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन दिया। आरोप लगाते हुए कहा कि बद्दो जैसे शातिर अपराधियों की पैरवी करने वाले व्यापारी नेता नवीन गुप्ता के खिलाफ पुलिस मुकदमा दर्ज करे। नवीन गुप्ता ने एक पुलिस अधिकारी के नाम से रिश्वत ली है। इस प्रकरण की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। व्यापारी नेता के साथ पुलिस अफसरों का गठजोड़ भी सामने आया है। आईजी रेंज प्रवीण कुमार का कहना है कि इस मामले में जांच चल रही है। सभी बिंदु पर बारीकी से छानबीन की जा रही है।
जांच से पता चलेगा किसकी क्या भूमिका
एडीजी जोन राजीव सभरवाल का इस पूरे प्रकरण पर कहना है कि मामला रिश्वतखोरी का है। आरोप भी गंभीर हैं। अब इस पूरे प्रकरण में जांच बैठा दी गई है। आईजी रेंज से जांच रिपोर्ट मांगी गई है। इस मामले में जिसने भी रिश्वत ली है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बदन सिंह बद्दो पर क्या कार्रवाई हुई और किसके द्वारा हुई, यह सब जांच का विषय है। इसी से पता भी चल जाएगा किसकी कितनी भूमिका है।
मालिक के बाद अब मुकुट महल होटल कार्रवाई के घेरे में
कुख्यात बदन सिंह बद्दो की फरारी के मामले में होटल मुकुट महल के मालिक की गिरफ्तारी के बाद अब होटल पर भी कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। एमडीए व फायर ब्रिगेड की टीम सोमवार को ब्रह्मपुरी थाना पुलिस के साथ होटल पहुंची। होटल की जमीन की पैमाइश करके दस्तावेज भी देखे गए। होटल की बिल्डिंग मानकों के अनुसार बनी हुई है या फिर कुछ खामियां हैं, इन बिंदुओं पर भी जांच शुरू हो गई है।
यह भी पढ़ें: ये तीन मोस्ट वांटेड हैं पुलिस कस्टडी से फरार, ढाई लाख तक का है इनाम, तलाश में जुटे अफसर
सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी सोमवार को एमडीए, फायर ब्रिगेड और आबकारी विभाग के अधिकारियों से मिले। बद्दो की फरारी के बाद तीनों विभागों द्वारा मुकुट महल होटल की जांच कराई गई थी। लेकिन सवा साल बीतने के बाद भी तीनों विभागों की जांच रिपोर्ट नहीं आई। होटल मालिक मुकेश गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोबारा से मुकुट महल होटल की जांच पड़ताल कराने में जुट गई है। होटल की बिल्डिंग मानकों के अनुसार बनी है या नहीं, इसकी एमडीए और फायर ब्रिगेड के अलावा आबकारी विभाग ने जांच रिपोर्ट दबा दी थी। अब सीओ ब्रह्मपुरी ने दोबारा से इसकी जांच कराने की बात कही। जिस पर सोमवार को एमडीए और फायर ब्रिगेड की टीम होटल में पहुंची।
सीओ ब्रह्मपुरी ने कहा कि तीनों विभागों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। होटल मानकों के आधार पर बना हुआ है या नहीं, सभी नियमों का पालन हो रहा है या नहीं, इन सब की जांच होगी।
पहले भी लगी थी सील
बद्दो की फरारी के बाद पुलिस ने मुकुट महल में सील लगा दी थी। इस मामले में पुलिस की काफी किरकिरी हुई थी। अब पुलिस ने फिर से होटल पर कार्रवाई करने के लिए पूरी तैयारी कर ली है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/