शादी का झासा देकर युवती का तीन साल तक यौन शोषण, पीड़िता ने एसएसपी से लगाई गुहार
देहरादून में नौकरी करते हुए मुजफ्फरनगर के युवक ने सहकर्मी युवती को शादी का झांसा देकर लगातार तीन साल तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए रखे। अब आरोपी किसी अन्य युवती से शादी की तैयारी कर रहा है, जिसकी भनक लगने पर पीड़िता ने एसएसपी को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से लखीमपुर खीरी जनपद निवासी युवती करीब चार साल से देहरादून में एक निजी कंपनी में जॉब करती है। उसी कंपनी में शहर क्षेत्र के गांव निवासी आरोपी भी काम करता था। उक्त युवती ने एसएसपी अभिषेक यादव को शिकायती पत्र देकर बताया कि देहरादून में रहते हुए आरोपी ने उसे प्रेम जाल में फंसाकर शादी करने का झांसा दिया और जबरन शारीरिक संबंध बना लिए। इसके बाद आरोपी लगातार तीन साल तक शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण करता रहा।
पीड़िता का कहना है कि दो दिन पूर्व आरोपी देहरादून से बिना उसे बताए घर चला आया और उससे बात करनी बंद कर दी। युवती ने जांच की तो पता चला कि आरोपी शहर के एक मोहल्ला निवासी युवती से शादी की तैयारी कर रहा है।
पीड़िता ने एसएसपी से आरोपी की शादी रुकवाने और उसके खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई, जिस पर एसएसपी ने शहर कोतवाली पुलिस को मामले में कार्रवाई के आदेश दिए। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: सामूहिक दुष्कर्म मामले में पांच दिन बाद नींद से जागी पुलिस, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
इन्होंने कहा...
इंस्पेक्टर शहर कोतवाली अनिल कपरवान का कहना है कि लड़की युवक के खिलाफ देहरादून में लिव-इन-रिलेशनशिप में रहती थी। पूरी घटना और घटनास्थल देहरादून का है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/