यूपी: फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 2.54 लाख की लूट, पुलिस अधिकारियों में मचा हड़कंप
शामली में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गांव गोमतीपुर के मोड़ के निकट बाइक सवार दो बदमाशों ने निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से दो लाख 54 हजार रुपये लूट लिए। लूट की वारदात होने से पुलिस में हड़कंप मच गया। एएसपी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
शहर के मोहल्ला रेलपार में निजी फाइनेंस कंपनी का कार्यालय है, जो ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के समूह को ऋण उपलब्ध कराती है। शुक्रवार को फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी जिला सहारनपुर के थाना सरसावा के गांव कलरी निवासी अरविंद कुमार बाइक से शामली क्षेत्र के गांवों में कलेक्शन करने गया था।
बता दें कि अरविंद शुक्रवार को गांव गोमतीपुर से कलेक्शन कर लौट रहा था। गांव के मोड़ के निकट बाइक सवार दो बदमाशों ने उस पर बल्ले से हमला कर दिया। पीठ में बल्ला लगने से बाइक असंतुलित होने पर जैसे ही वह रुका तो बदमाशों ने उससे नकदी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। बैग में करीब 2.54 लाख रुपये थे। इसके बाद उसने पुलिस को घटना की सूचना दी।
वहीं सूचना मिलने पर एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव, सीओ सिटी एके सिंह, आदर्श मंडी थाना प्रभारी यज्ञ दत्त शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। थाना प्रभारी यज्ञ दत्त शर्मा का कहना है कि पीड़ित के बार-बार बयान बदलने से घटना संदिग्ध लग रही है, जिसकी जांच की जा रही है। अभी कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
आसपास के युवकों पर शक
पुलिस के मुताबिक जिस स्थान पर लूट होना बताया गया है, उससे कुछ दूरी पर कुछ युवक किक्रेट खेल रहे थे। पुलिस ने क्रिकेट खेलने वाले युवकों से भी घटना की बाबत जानकारी ली। पुलिस का मानना है कि बदमाश आसपास के क्षेत्र के हो सकते है। बदमाशों को पहले से जानकारी रही होगी कि फाइनेंस कर्मचारी कलेक्शन के लिए आते जाते रहते है। पुलिस ने पीड़ित को साथ लेकर आसपास के उन गांवों में जाकर छानबीन की, जहां से उसने कलेक्शन करना बताया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/