बागपत में 13 नए पॉजिटिव, शामली में सिपाही की पत्नी भी संक्रमित, पश्चिमी यूपी के अन्य जिलो में भी बढ़ा कोरोना मीटर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना संक्रमण का खतरा रोज बढ़ रहा है। सब्जी आढ़ती से शुरू हुई संक्रमण की चेन और अधिक खतरनाक हो गई है। बुधवार को जिले में 13 और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें बड़ौत की कश्यप चौपाल के आठ, पठानकोट का एक, आजाद नगर का एक और एक मामला खेकड़ा क्षेत्र के फखरपुर गांव का है। बागपत नगर के चौहानान मोहल्ले में एक महिला भी पॉजिटिव मिली है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गलियों को सील कर दिया है। लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है।
बुधवार को कोरोना संक्रमण के अब तक के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। बड़ौत की कश्यप चौपाल क्षेत्र का इलाका कोरोना संक्रमण की दृष्टि से हॉटस्पॉट बन गया है। सीएमओ डॉ आरके टंडन ने 13 मामले आने की पुष्टि की है। इनमें कश्यप चौपाल क्षेत्र के सब्जी का काम करने वाले और इनके परिवार के आठ सदस्य शामिल हैं। पूरे क्षेत्र को स्वास्थ्य विभाग ने सैनिटाइज कराना शुरू कर दिया है। लोगों को होम क्वारंटीन किया जा रहा है।
पठानकोट मोहल्ले में ही एक और मामला सामने आया है, जिसके बाद सीएचसी अधीक्षक डॉ विजय कुमार के नेतृत्व में टीम ने यहां पहुंचकर सर्वे कार्य शुरू कर दिया है। आजाद नगर में एक मामला मिला है, जिससे गली को सील कर दिया गया है। सब्जी आढ़ती के पॉजिटिव मिलने के बाद इन लोगों के सैंपल लिए गए थे। बुधवार को रिपोर्ट में पॉजिटिव मिले। प्रसव के लिए जिला अस्पताल लाई गई फखरपुर गांव की महिला भी कोरोना पॉजिटिव मिली है। गांव को सैनिटाइज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बागपत नगर के चौहानान मोहल्ले में पॉजिटिव मिले कैंसर पीड़ित के परिवार की एक महिला भी पॉजिटिव मिली है। जिले में कुल संख्या 63 हो गई है।
शामली जनपद में बुधवार को कोरोना पॉजिटिव के तीन नए केस आए हैं। इनमें दो महिलाओं की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एक महिला दिल्ली पुलिस के सिपाही की पत्नी है। तीनों कोरोना संक्रमित कुछ दिन पहले ही दिल्ली से अपने घर पहुंचे थे। तीनों के सैंपल चार दिन पहले लिए गए थे और होम क्वारंटीन थे। तीनों संक्रमित को कोविड अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।
बुधवार दोपहर में मेरठ मेडिकल से 10 लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट आई है, जिनमें सात नेगेटिव और तीन पॉजिटिव है। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक कोरोना पॉजिटिव मिले नए केस में सिपाही पत्नी सहित दो महिला और एक पुरुष हैं। शामली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक दिल्ली के अमन विहार रोहिणी सेक्टर में एक थाने में सिपाही के पद पर तैनात है।
वह 27 मई को अपनी पत्नी के साथ घर आया था। सिपाही का कहना है कि उसे पिता का स्वास्थ्य खराब होने की वजह से वे उपचार कराने आए थे। 31 मई को स्वास्थ्य टीम ने उनके घर पहुंचकर परिवार के छह सदस्यों के सैंपल लिए थे। बुधवार को सिपाही की पत्नी की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके अलावा झिंझाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला और दूसरे गांव का युवक दिल्ली के जहांगीपुरी इलाके में रहकर अपना-अपना कार्य करते थे।
स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक दोनों 30 मई को अपने-अपने घर पहुंचे थे। इनकी जानकारी मिलने पर 31 मई को दोनों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए थे। सैंपल लेने के बाद स्वास्थ्य टीम ने तीनों को होम क्वारंटीन किया था। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि बुधवार को प्राप्त सैंपलों की जांच रिपोर्ट में दो महिला समेत तीन कोरोना पॉजिटिव आए हैं।
इनमें एक महिला हाल ही में रोहिणी दिल्ली से लौटी है, जबकि एक अन्य महिला व पुरुष जहांगीपुरी दिल्ली से आए हैं। कोरोना पॉजिटिव मिले इन तीनों को कोविड अस्पताल झिंझाना में शिफ्ट किया गया है। जनपद में अब कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस बढ़कर 13 हो गए हैं। डीएम ने बताया कि जहां पर ये कोरोना संक्रमित केस मिले है, उस स्थान पर सैनिटाइजेशन, साफ-सफाई, सर्वे और सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
मुजफ्फरनगर जनपद में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बुधवार को भी तीन नए पॉजिटिव मामले सामने आए। इनमें एक कुवैत से आया युवक है, जबकि दो प्रवासी श्रमिक हैं। तीनों को शहर के क्वारंटीन सेंटर में ही रखा गया था।
सीएमओ डॉ प्रवीण कुमार चोपड़ा ने बताया कि बुधवार को कोरोना की 83 जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिनमें से तीन रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। संक्रमितों में कुवैत से आया युवक भी शामिल है। वह जिले के रथेड़ी गांव का रहने वाला है। इसके अलावा दो प्रवासी श्रमिक हैं। ये मिमलाना के रहने वाले हैं। दोनों महाराष्ट्र से आए थे। कुवैत से आए युवक समेत तीनों को दिल्ली पब्लिक स्कूल में क्वारंटीन केंद्र में रखा गया था।
रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज में बनाए गए कोविड-19 अस्पताल बेगराजपुर में भेज दिया गया है। जिले में कोरोना के केस तेजी से बढ़ रहे हैं। अब तक कुल 97 मामले पॉजिटिव पाए जा चुके हैं, जिनमें से 45 ठीक हो गए हैं, जबकि एक महिला की मौत हो चुकी है। अब जिले में एक्टिव केस बढ़कर 51 हो गए हैं।
तीन और प्रवासी कोरोना पॉजिटिव निकले, दो लोग दिल्ली और एक गुरुग्राम से आया
सहारनपुर। जिले में तीन और प्रवासियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद तीनों को कोविड-19 सेंटर भेज दिया गया है, साथ ही उनके संपर्क में आए परिजनों को क्वारंटीन किया गया है, जिनकी सैंपलिंग की जा रही है।
पॉजिटिव आए तीन लोगों में दो सहारनपुर शहर के रहने वाले हैं, जो दिल्ली से आए थे। दिल्ली से आने की वजह से इन्हें सेंट मैरीज स्कूल में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। करीब छह दिन पहले इनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। बुधवार की दोपहर इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
तीसरा संक्रमित नकुड़ का रहने वाला है, जो गुरुग्राम से आया था। जिसे नकुड़ के एक कॉलेज में बने क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। तीन नए पॉजिटिव आने के बाद सहारनपुर में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 253 पहुंच गई है। हालांकि इनमें से 212 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। वर्तमान में 41 मरीज उपचाराधीन हैं। वहीं मेडिकल कॉलेज में भर्ती कोरोना संक्रमित की रिपोर्ट नेगेटिव आने पर उसे छुट्टी दे दी गई है।
संक्रमित युवक के पांच परिजनों को कराया क्वारंटीन
बिजनौर के बेगावाला में विदेश से आए एक युवक के कोरोना पॉजिटिव निकलने पर गांव में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने गांव की सीमाएं सील कराकर गांव को सैनिटाइज कराया गया है। गांव में पुलिस को तैनात किया गया है।
थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के गांव काजीवाला में कुवैत से आए युवक में कोरोना पॉजिटिव निकलने की पुष्टि हुई। बुधवार को एसडीएम सदर बृजेश कुमार ने गांव का दौरा किया। काजीवाला गांव में कोरोना संक्रमण का यह पहला केस मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। यह युवक 29 मई को कुवैत से लखनऊ आया था। वह 30 मई को अपने घर लौटा।
मंगलवार रात युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग व राजस्व विभाग की टीम ने परिवार के पांच लोगों को धर्मनगरी में क्वारंटीन कराया है। संक्रमित के घर पर पोस्टर चस्पा कर दिए गए हैं। लेखपाल उपेंद्र, मुहम्मद आसिफ, राजस्व निरीक्षक धर्मपाल व पुलिस ने गांव में पांच हॉट स्पॉट स्थान चिह्नित कर सील कर दिए हैं। बेगावाला पुलिस चौकी के सामने से जाने वाले मुख्य मार्ग को भी सील कर दिया गया है।
नगर में अब तक छह निकल चुके हैं संक्रमित, अब मोहल्ला कस्साबान सील
मंडावर के युवक के कोरोना पॉजिटिव निकलने पर पुलिस प्रशासन ने मोहल्ले को सील करा दिया है। अब तक मंडावर में कुल छह लोग कोरोना पॉजिटिव निकल चुके हैं। इनमें एक महिला भी शामिल है। थाना प्रभारी निरीक्षक लव सिरोही ने बताया कि मोहल्ला कस्साबान को सील कर दिया गया है। इसमें कोई दुकान आदि खोलने की अनुमति नहीं होगी। युवक के परिजनों को क्वारंटीन कराया गया है। नगर के मोहल्ला शाहविलायत, ब्रह्मनान, शंभा बाजार, आचारजान और बुधवार को मोहल्ला कस्साबान में संक्रमित मरीज मिलने पर ये पहले से ही सील हैं।