मेरठ में कोरोना के तमाम रिकाॅर्ड टूटे, आज 71 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 1500 के पार, दो की मौत
- मोदीपुरम थाना क्षेत्र में तीन दिन में 19 संक्रमित, खौफ में पल्हैड़ा, ग्रामीण घरों में कैद
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मेरठ में कोरोनावायरस की स्थिति खतरनाक होती जा रही है। रविवार को जिले में कोरोना के सारे पिछल रिकाॅर्ड टूट गए हैं। यहां एक आज 71 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं इस लगातार तेजी से बढ़ रही कोरोना की चेन को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग में फिर से खलबली मच गई है। आगे जानें आखिर जिले में क्या है संक्रमण की वर्तमान स्थिति
मेरठ में आज मिले मरीजों में दिल्ली के होटल में काम करने वाला युवक, इलैक्ट्रॉनिक दुकानदार व नगर निगम के सफाई कर्मचारी से लेकर आशा वर्कर, स्टूडेंट और सेना का इंजीनियर और कई गृहिणियां भी शामिल हैं।
उधर एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में मरीजों के मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। हालांकि 55 घंटे के लाॅकडाउन के दौरान पहले से ही सैनिटाइजिंग का कार्य बड़े स्तर पर किया जा रहा है। लेकिन आज कोरोना संक्रमण के सभी रिकाॅर्ड टूटने के बाद सैनिटाइजिंग और प्रभावित इलाकों को सील करने की कवायद जोरों पर शुरू हो गई है।
तीन दिन में 19 संक्रमित, खौफ में पल्हैड़ा, ग्रामीण घरों में कैद
मोदीपुरम थाना क्षेत्र के पल्हैड़ा गांव में तीन दिन में 19 लोगों के कोरोना संक्रमित मिलने से गांव पूरी तरह हॉट स्पॉट है। इलाके को सील कर दिया गया था। जिस कारण ग्रामीण घरों में कैद है। पल्हैड़ा में लगातार कोरोना संक्रमित की चेन बढ़ने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग घरों से बाहर न निकलें, इसके लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
पल्हैड़ा गांव में चाय बेचने वाला एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया था। उसके संपर्क में आने वाले 18 लोग ओर संक्रमित पाए गए थे। तभी से लगातार गांव के सभी ग्रामीणों की जांच चल रही है। गांव में एक साथ 19 लोग कोरोना संक्रमित मिलने से लोगों में दहशत का माहौल है।
कोरोना की चेन को बढ़ने रोकने और इसे तोड़ने के लिए लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है। इसके लिए पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि लोग घरों से न निकलें। पार्षद विक्रांत ढाका ने बताया कि गांव को लगातार सैनिटाइज कराया जा रहा है। वहीं, उदय पार्क कॉलोनी में पति पत्नी के कोरोना पॉजिटिव मिलने से कॉलोनी के लोगों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।