कोरोना वायरस: क्वारंटीन सेंटर की पानी से कर दी धुलाई, मचा हड़कंप, डीएम से शिकायत
बिजनौर जनपद में किरतपुर नगर पालिका ने लेखपाल प्रशिक्षण केंद्र में क्वारंटीन सेंटर को सैनिटाइजर के बजाए पानी से धुलवा दिया। सेंटर में दो कोरोना संक्रमित केस मिले थे। कर्मचारियों में इसका पता चलने पर हड़कंप मच गया। बाद में सैनिटाइजर भेजकर सेंटर को सैनिटाइज किया गया। पानी से सेंटर को धोने वाले कर्मचारी को क्वारंटीन किया गया है। कर्मचारी ने डीएम से नगर पालिका कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोरोना के खिलाफ जंग में गांव स्वाहेड़ी में बने लेखपाल प्रशिक्षण केंद्र को प्रशासन ने क्वारंटीन सेंटर बनाया है। यहां 201 कोरोना संदिग्ध लोगों को रखा गया था। इनमें से दो में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। संक्रमित लोगों को उपचार के लिए मेरठ भेज दिया गया। बाकी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। सेंटर के खाली होने पर बुधवार को किरतपुर नगर पालिका ने सैनिटाइजेशन के लिए टैंकर भेजा।
यह भी पढ़ें: Corona Virus Update: मेरठ में मिले दो नए कोरोना पॉजिटिव, अब मरीजों की संख्या बढ़कर हुई 105
सेंटर पर नियुक्त किए मंडावर नगर पंचायत के कर्मचारी ने सेंटर को सैनिटाइज करना शुरू किया तो उस पानी में दवाई होने की गंध नहीं आई। टैंकर को खोलकर देखा गया तो उसमें केवल पानी भरा था। कर्मचारियों ने इसके बारे में अफसरों को बताया। आनन-फानन में किरतपुर नगर पालिका से सैनिटाइजर का दूसरा टैंकर भेजा गया। इस टैंकर से सेंटर को सैनिटाइज किया गया। सेंटर पर तैनात कर्मचारियों ने मामले की शिकायत डीएम से की है। सेंटर को धोने वाले नगर पंचायत मंडावर के सफाई कर्मचारी को क्वारंटीन किया जा रहा है। कर्मचारी सेंटर को धोने के बाद घर चला गया था लेकिन परिजनों से अलग कमरे में रहा। उसने खुद को क्वारंटीन कराने के लिए कहा है।
नगर पालिका किरतपुर के ईओ हरिलाल पटेल के अनुसार नगर पालिका में एक पानी का और एक सैनिटाइजर का टैंकर खड़ा था। एक अफसर का फोन आने पर सैनिटाइजर वाले टैंकर को एक अन्य केंद्र पर भेज दिया गया। एक कर्मचारी भूलवश पानी का टैंकर स्वाहेड़ी ले गया।
नगर पंचायत मंडावर की ईओ गार्गी का कहना है कि सेंटर में काम करने वाले कर्मचारी को क्वारंटीन किया जा रहा है। अगर कोई अन्य कर्मचारी क्वारंटीन होने के लिए कहेगा तो उसे भी कराया जाएगा।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/