कोरोना के खौफ से चीन में हाहाकार, बड़ी संख्या में मंगाए मास्क, मेरठ में हुई एन-95 की किल्लत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस के खौफ का आलम यह है कि चीन ने बड़ी संख्या में एन-95 मास्क मंगा लिए हैं। नतीजतन, एन-95 मास्क की किल्लत हो गई है। मेरठ में यह मास्क ढूंढे नहीं मिल रहा है। दूसरी तरफ, मास्क की बिक्री काफी बढ़ गई है। ज्यादा डिमांड के कारण डेढ़ रुपये वाला सामान्य मास्क तीन से चार रुपये और 60 रुपये वाला मास्क 100 रुपये में मिल रहा है।
मास्क का कारोबार करने वाले मनोज कुमार ने बताया कि एक फरवरी से भारत से चीन मास्क भेजने पर रोक लगा दी गई है। लेकिन पिछले करीब 15 दिन खूब मास्क गए हैं। चीन को मास्क भेजने वाले मेडिकल स्टोरों पर जाकर मास्क खरीद रहे थे। यही वजह है कि एन-95 मास्क की किल्लत है। बाकी मास्क हैं, लेकिन उनकी भी काफी कमी चल रही है। मेरठ में 12 मेडिकल स्टोर हैं, जो मास्क बेचते हैं। मास्क पहले से काफी महंगे हो गए हैं। ड्रगिस्ट एंड केमिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री रजनीश कौशल ने बताया कि कोरोना के अलावा स्वाइन फ्लू के भी मरीज मिल रहे हैं, इसलिए ऐसा हुआ है। स्कूलों में भी बच्चे मास्क लगाकर जा रहे हैं।
गौरतलब है कि 31 दिसंबर 2019 से लेकर एक फरवरी 2020 तक चीन से मेरठ 79 लोग लौटे हैं। इनमें से 56 मेरठ और 23 दूसरे जिलों के हैं। मेरठ के 42 लोगों का नाम, पता सत्यापित कर इनसे फार्म भरवाया गया है। छह लोगों के घर बंद मिले हैं। छह का पता नहीं मिल पाया है। दो लोग जिले से बाहर हैं।
बाजार में कई तरह के मास्क
चाइनीज डबल फिल्टर मास्क की डिमांड इन दिनों बाजार में तेजी से हो रही है। इस मास्क में डबल प्रोटेक्शन लेयर लगी है जो हवा के दूषित कणों को फिल्टर कर साफ हवा को अंदर भेजती है इससे सांस लेने में दिक्कत नहीं होती है, इसकी कीमत बाजार में 100 से 150 रुपये के बीच है।
रेग्युलर मास्क
रेग्युलर मास्क कागज से बना वह मास्क है, जो बाजार में तीन से पांच रुपये में उपलब्ध है। यह दो से चार घंटे बाद ही बदलना पड़ता है। इसका सुरक्षा कवच स्वाइन फ्लू जैसी बीमारियों से अधिक कारगर नहीं होता है।
एन95 मास्क
यह थ्री लेयर वाले प्लास्टिक मास्क हैं, जिनकी कीमत बाजार में 150 से 200 रुपये है। स्वाइन फ्लू जैसी बीमारी से बचाव के लिए अधिकतर इसी मास्क को प्राथमिकता दी जाती है। इसकी मांग बाजार में काफी है।
ये बरतें सावधानी
अचानक बुखार, खांसी व सांस लेने में परेशानी हो तो उनमें कोरोना के लक्षण हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में निकटवर्ती सरकारी अस्पताल में सूचना देकर निशुल्क जांच एवं उपचार करवाएं। सामान्य रोकथाम व बचाव को लेकर खांसते व छींकते समय रुमाल मुंह पर रखें, ताकि वायरस न फैले। उचित दूरी बनाकर वार्ता करें। भोजन ग्रहण से पहले हाथों को साबुन से अच्छे से धोएं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/