गाजियाबाद एनकाउंटर: बदमाशों से भिड़ते हुए सिपाही सौरभ देशवाल शहीद, परिजन गमगीन, गांव में पसरा मातम
गाजियाबाद के मसूरी के नहाल गांव में बदमाशों और नोएडा की क्राइम ब्रांच व फेस तृतीय थाना पुलिस के बीच हुई फायरिंग में घायल सिपाही सौरभ देशवाल शहीद हो गए। उनकी शहादत के बाद गांव बधेव में मातम पसरा है। परिजनों और ग्रामीणों गमगीन हैं।
विस्तार
गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के नहाल गांव में देर रात बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ के दौरान शामली जनपद के गांव बधेव निवासी सिपाही सौरभ देशवाल शहीद हो गए। वह शामली जनपद के रहने वाले थे।
सौरभ वर्ष 2016 में पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे और वर्तमान में नोएडा क्राइम ब्रांच में तैनात थे। देर रात उन्हें बदमाशों से भिड़ने के दौरान गोली लगी। जब परिजनों को इस हादसे की सूचना मिली, तो उनके बड़े भाई रजत देशवाल तत्काल गाजियाबाद के लिए रवाना हुए।
सिपाही की शहादत की सूचना पर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण घर पर पहुंचकर सौरभ की शहादत की खबर सुन शोकाकुल हैं।
दोपहर बाद शहीद सिपाही का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव लाया जाएगा, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: मेरठ में पकड़ा 61 लाख का गांजा: ऊपर सब्जियां, नीचे गांजा रखते थे सप्लायर, तस्करी को लेकर चौंकाने वाले खुलासे
बता दें कि रविवार की देर शाम नोएडा की क्राइम ब्रांच और फेस तृतीय थाना पुलिस मसूरी के नहाल गांव में बदमाश कादिर उर्फ मंटर को पकड़ने के लिए दबिश दी थी। टीम ने कादिर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया था।
इसी बीच कादिर के साथियों और परिजनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग और पथराव कर दिया। फायरिंग में सिपाही सौरभ देशवाल सिर में गोली लग गई। घायल को आनन-फानन अस्पताल ले जाया गया, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 26 मई को आपके शहर में क्या हुआ
मामले में थाना फेस-3 गौतमबुद्धनगर के उपनिरीक्षक सचिन ने एक तहरीर दी है। थाना मसूरी में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।