बिरयानी पार्टी में जमकर संघर्ष, कई लोग घायल, पूर्व विधायक के बेटे समेत आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर के गांव टंडेढ़ा में बिजनौर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी नसीमुद्दीन सिद्दीकी की जनसभा के बाद पूर्व विधायक मौलाना जमील कासमी के आवास पर आयोजित बिरयानी पार्टी में खाने को लेकर दो पक्षों में संघर्ष होने से अफरातफरी का आलम हो गया। संघर्ष में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जिसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकारकर भीड़ को खदेड़ा। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में ले लिया है। बिरयानी पार्टी के लिए किसी तरह की अनुमति नहीं ली गई थी, जिसके चलते मामले में देर रात चुनाव आचार संहिता का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना ककरौली क्षेत्र के गांव टंडेढ़ा में शनिवार को बिजनौर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी नसीमुद्दीन सिद्दीकी की जनसभा का आयोजन किया गया था। जनसभा के बाद पूर्व विधायक मौलाना जमील अहमद कासमी के आवास पर बिरयानी पार्टी का आयोजन किया गया था। पार्टी में बिरयानी पहले लेने को लेकर दो युवकों में कहासुनी हो गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए, जिनमें मारपीट हो गई। ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को किसी तरह शांत कराया, लेकिन कुछ देर बाद फिर से दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे कई लोग घायल हो गए और कार्यक्रम में भगदड़ के साथ ही क्षेत्र में भी अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे एसओ ककरौली जितेंद्र अंबावत ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर लाठियां फटकारते हुए भीड़ को खदेड़ते हुए स्थिति पर काबू पाया।
मोरना थाना क्षेत्र के गांव टंडेढ़ा में कांग्रेस प्रत्याशी की जनसभा के बाद बिना अनुमति के आयोजित बिरयानी पार्टी में मारपीट के बाद थाना पुलिस ने पूर्व विधायक के आवास पर मौजूद कई भगोनों में तैयार बिरयानी को नष्ट करा दिया। इसके साथ ही वहां मौजूद घी के टिन और अन्य सामग्री को कब्जे में ले लिया गया है।
पूर्व विधायक पुत्र समेत आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
बिना अनुमति की बिरयानी पार्टी के आयोजन में शनिवार देर रात पूर्व विधायक मौलाना जमील के पुत्र नईम अहमद समेत आठ लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में पूर्व विधायक पुत्र के अलावा, गांव टंडेढ़ा निवासी नवाब पुत्र फैय्याज व जकरिया पुत्र अशरफ, गांव सिकंदरपुर निवासी आसिफ पुत्र शाहिद, नूरहसन पुत्र अहमद हसन व अरशद पुत्र मकसूद, देवबंद के गांव जाहिदपुर निवासी दोस मोहम्मद पुत्र नुसरत अली और गांव उल्हेड़ा निवासी यासीन पुत्र फजलू शामिल हैं। एसओ ककरौली जितेंद्र अंबावत ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आचार संहिता व धारा-144 का उल्लंघन, मुर्गा बिरयानी खिलाकर वोट डालने का दबाव बनाने, बलवा, पार्टी के झंडे लगाने और पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इन्होंने कहा...
सीओ भोपा राममोहन शर्मा ने बताया कि गांव टंडेढ़ा में कांग्रेस प्रत्याशी की जनसभा के लिए अनुमति ली गई थी, जिसके बाद बिना अनुमति के ही बिरयानी पार्टी का आयोजन किया गया था। इसमें दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई, जिसमें छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। देर रात मामले में आचार संहिता उल्लंघन आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/