तैयारियां पूरी, कल मेरठ में तीन घंटे रहेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ, कई योजनाओं का करेंगे लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम अंतिम रूप से तय हो गया है। मुख्यमंत्री रविवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में पूर्वाह्न 11 बजे हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। यहां वह केंद्रीय पुस्तकालय और तीन दिवसीय कृषि प्रदर्शनी के उद्घाटन समेत कई योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके बाद किसान सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह दोपहर 12 बजे भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय के लिए कार से पहुंचेंगे।
क्षेत्रीय कार्यालय में उनका मेरठ मंडल के छह जनपदों के सभी जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों के साथ पश्चिमी क्षेत्र की कमेटी, सांसदों, विधायकों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक का कार्यक्रम है। यहां आयोजित सामूहिक भोज में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री कार द्वारा कृषि विश्वविद्यालय परिसर में बने हेलीपैड पहुंचेंगे और हिंडन एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे।
मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए। एडीजी जोन राजीव सभरवाल सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं के बारे में मातहतों को हिदायतें दीं।
इसके अलावा डीएम के बालाजी, एसएसपी अजय साहनी, नगरायुक्त मनीष बंसल, एडीएम प्रशासन मदन सिंह गब्रयाल, सिटी मजिस्ट्रेट एसके सिंह, एसीएम सुनीता सिंह, अपर नगरायुक्त श्रद्धा शांडिल्यायन, सहायक नगरायुक्त ब्रजपाल सिंह, कुलपति प्रो. आरके मित्तल एवं जिलाध्यक्ष अनुज राठी ने भी विश्वविद्यालय में कार्यक्रम स्थल पर किए गए इंतजामों का जायजा लिया।
वातानुकूलित है केंद्रीय लाइब्रेरी
केंद्रीय लाइब्रेरी पूर्णत: वातानुकुलित है। इसमें 15 सेक्शन हैं। यहां ऑटोमैटिक फायर अलार्म सिस्टम, सीसीटीवी और रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी लगाया गया है। इसमें ई-लाइब्रेरी के साथ ग्रुप डिस्कशन व सेमिनार की भी व्यवस्था है।
तीन दिन चलेगी कृषि प्रदर्शनी
विवि में तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन कृषि विभाग द्वारा किया जा रहा है। इसमें किसानों को खेती की आधुनिक तकनीक के अतिरिक्त शोध कार्यों की जानकारी दी जाएगी। किसान यहां से उन्नत प्रजाति के बीज भी खरीद सकेंगे।
आज और कल विशेष सफाई अभियान
मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर शनिवार और रविवार को शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गजेंद्र सिंह ने यह जानकारी दी। नगर आयुक्त मनीष बंसल ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारी सुबह जल्द झाड़ूू लगाकर काम खत्म कर दें। कूड़ा भी तुरंत उठाया जाए। जलकल विभाग को टैंकरों की व्यवस्था कर सड़क पानी छिड़कने के निर्देश दिए।
गन्ना बकाए पर तीन चीनी मिलों को नोटिस
मुख्यमंत्री के सामने बकाया गन्ना मूल्य भुगतान का मुद्दा उठाए जाने के डर से जिला प्रशासन और गन्ना विभाग ने मवाना, किनौनी और मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल को नोटिस जारी कर दिए हैं। मवाना एवं किनौनी मिल पर अभियोजन की कार्रवाई के भी निर्देश दिए हैं। मवाना, किनौनी और मोहिउ्द्दीनपुर मिल पर 250 करोड़ रुपये बकाया हैं। मेरठ मंडल के किसानों को पिछले पेराई सत्र का पूरा गन्ना मूल्य भुगतान नहीं हो सका है। किसानों के एक हजार करोड़ रुपये बकाया हैं।
डॉ. वाजपेयी शिकायत करेंगे
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर खाद्यान्न घोटाले में दोषियों पर कार्रवाई नहीं किए जाने की शिकायत करेंगे। उनका आरोप है कि एक घोटाले की जांच शासन की एसआईटी कर चुकी है और दूसरे की जांच एसपी क्राइम ने की है। दोनों ही मामले में कार्रवाई अब तक शून्य है।