Exams Stress: भाई को कॉल कर बोली-परीक्षा के तनाव में हूं, और गंगनहर में कूद गई 12वीं की छात्रा, तलाश जारी
मेरठ के सरधना में यूपी बोर्ड की 12वीं की छात्रा ऋतु तोमर ने परीक्षा तनाव की बात कहकर गंगनहर में छलांग लगा दी। पुलिस और पीएसी गोताखोरों द्वारा सर्च ऑपरेशन जारी है।
विस्तार
यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा शुरू होने से ठीक एक दिन पहले 12वीं की छात्रा ऋतु तोमर ने मंगलवार को सरधना क्षेत्र में गंगनहर में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
स्थानीय गोताखोरों और पीएसी की मदद से बुधवार देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं लग सका है। छात्रा हापुड़ जनपद के पिलखुवा की रहने वाली थी और नहर में कूदने से पहले उसने अपने भाई को फोनकर परीक्षा के तनाव में होने की बात कही थी।
यह भी पढ़ें: West UP Weather: मौसम ने बदली करवट, पश्चिमी यूपी में पारा गिरा, 15 दिन बाद लौटी ठंड
तलाश के बीच मंगलवार सुबह लगभग 11:45 बजे ऋतु ने अपने भाई मोहित को फोन किया। उसने बताया कि वह इस समय मेरठ में है। बातचीत के दौरान ऋतु काफी परेशान लग रही थी। उसने भाई से कहा कि वह बोर्ड परीक्षा को लेकर भारी मानसिक तनाव में है और उसके सिर में तेज दर्द हो रहा है। मोहित ने उसे ढांढस बंधाया और तुरंत घर लौटने को कहा लेकिन इसके कुछ ही देर बाद ऋतु मेरठ-करनाल हाईवे पर सरधना थाना क्षेत्र स्थित नानू गंग नहर पुल पर पहुंची और गहरे पानी में छलांग लगा दी।
चाय की दुकान से किया था आखिरी कॉल : जांच में सामने आया है कि ऋतु ने नहर किनारे स्थित एक चाय की दुकान चलाने वाली महिला के फोन से अपने भाई को आखिरी कॉल की थी। पुल के आसपास मौजूद राहगीरों ने जब छात्रा को नहर में कूदते देखा तो तुरंत सरधना पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के साथ-साथ पीएसी के गोताखोरों को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए हैं जिसमें छात्रा दिखाई दे रही है।
परिवार में छाया मातम
भाई मोहित ने बताया कि ऋतु पढ़ाई में काफी अच्छी थी। वह तीन बहनों (छोटी बहनें प्राची और निशा) में सबसे बड़ी है पिता खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इस अनहोनी के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर है।
छात्रा की तलाश के लिए सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार देर शाम अंधेरा होने के कारण ऑपरेशन रोकना पड़ा, जिसे बृहस्पतिवार सुबह दोबारा पीएसी के गोताखोरों के साथ शुरू किया गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। -आशुतोष कुमार, सीओ सरधना