Meerut News: नए लुक में नजर आएगा सिटी स्टेशन, 150 करोड़ होंगे खर्च, पढ़िए अमर उजाला की खास रिपोर्ट
Meerut News : अब सिटी स्टेशन नए लुक में नजर आएगा। बताया गया कि स्टेशन पर 150 करोड़ खर्च होंगे। पढ़िए अमर उजाला की ये खास रिपोर्ट।
विस्तार
उत्तर रेलवे का मेरठ सिटी स्टेशन करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बनेगा। प्रवेश और निकासी द्वार अलग-अलग होंगे। फुटओवर ब्रिज की जगह कॉनकोर्स बनेगा। जिसके लिए दिल्ली मुख्यालय से आई टीम निरीक्षण कर फिजिबिलिटी रिपोर्ट बना रही है। अधिकारियों का कहना है सब कुछ सही रहा तो दो माह में स्टेशन की सूरत बदलने का काम शुरू हो जाएगा।
रैपिड रेल शुरू होने पर मेरठ-दिल्ली की दूरी 45 मिनट में तय होगी। इससे मेरठ के कारोबार को पंख लगेंगे। सीमा का विस्तार होगा। नौकरी-पेशा लोगों को दिल्ली आवागमन में सहूलियत होगी। अब रेलवे ने भी अपने स्टेशन को आकर्षक बनाने के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तैयारी शुरू कर दी है।
एडीईएन (असिस्टेंट डिविजनल इंजीनियर) सुभाष चंद्रा ने बताया कि सिटी स्टेशन पर कॉनकोर्स से न सिर्फ यात्री प्लेटफार्म पर आवागमन कर सकेंगे बल्कि खानपान व जरूरी सामान भी खरीद सकेंगे। स्वचालित सीढ़ियों से कॉनकोर्स पर आना-जाना सुगम होगा। साधारण व वातानुकूलित वेटिंग रूम उच्चीकृत होंगे। प्लेटफार्मों को बड़ा किया जाएगा। टिकट विंडों के पास लॉज बनेगा, जहां यात्री बैठ सकेंगे। सुंदर सरकुलेटिंग बनेगा। व्यवस्था ऐसी होगी कि वाहन से उतरकर यात्री सीधे स्टेशन पर प्रवेश करें। दिल्ली से आई इंजीनियरों की टीम निरीक्षण कर चुकी है। फिजिबिलिटी रिपोर्ट बनाई जा रही है, जो उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी।
यह भी पढ़ें: Weather Update: सर्दी का सितम जारी, छूटी कंपकंपी, कोहरे से थमी वाहनों की रफ्तार
क्या होता है कॉनकोर्स
कॉनकोर्स एक तरह का फुटओवर ब्रिज होता है, जो इंडोर बड़ा कॉरिडोर होता है। इसमें खानपान और जरूरी सामान के स्टॉल होते हैं। इससे न सिर्फ यात्री प्लेटफार्म बदल सकता है बल्कि खानपान या जरूरी सामान भी खरीद सकता है। इसके अलावा यात्रियों के बैठने की भी अच्छी सुविधा होती है।
विधायक ने की थी मांग
कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने रेल मंत्री से सिटी स्टेशन को उच्चीकृत करने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि सिटी स्टेशन को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाए ताकि स्पोर्ट्स की अलग पहचान हो।
यह भी पढ़ें: Meerut: सड़क हादसों ने ली छह की जान, आगरा एक्सप्रेस-वे पर एकसाथ बुझे तीन घरों के चिराग, कार के उड़े परखच्चे
रेलवे स्टेशनों को अत्याधुनिक बनाया जा रहा है। सिटी स्टेशन पर कॉनकोर्स बनेगा। स्वचालित सीढ़ियां लगेंगी। प्रवेश-निकासी द्वार अलग होंगे। वेटिंग रूम उच्चीकृत होंगे। इन सब कामों की फिजिबिलिटी रिपोर्ट बनाई जा रही है। - डिंपी गर्ग, डीआरएम दिल्ली रेलवे