सीएम योगी का मेरठ दौरा आज, सुरक्षा कड़ी, ड्रोन से हो रही निगरानी, तीन घंटे बंद रहेगा एनएच-58
इस 36 किमी के रूट पर सुरक्षा के इंतजाम चाक चौबंद रहेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे रूट को तीन जोन और नौ सेक्टरों में बांटा गया है। हाई अलर्ट के बीच मुख्यमंत्री की सुरक्षा में चार कंपनी पीएसी, एक कंपनी आरएएफ, सात एएसपी, 15 सीओ, 26 थानेदार, 150 दरोगा, 725 सिपाहियों और 110 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों समेत करीब 1200 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। ड्रोन से भी निगरानी होगी। शनिवार को एसपीजी ने पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था परखी।
सुबह 11 बजे पहुंचे कृषि विवि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद से हेलीकाप्टर से सुबह 11 बजे कृषि विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। यहां उनका एक घंटे का कार्यक्रम तय है। इसके बाद वह कार से भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचेंगे। यहां उनका दो घंटे का कार्यक्रम निर्धारित है। इस कार्यक्रम में वह बैठक के साथ ही भोजन व पदाधिकारियों और अधिकारियों से वार्ता करेंगे। क्षेत्रीय कार्यालय से मुख्यमंत्री कार से ही कृषि विवि में बनाए गए हैलीपैड पर पहुंचेंगे और वहां से हिंडन एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेंगे।
तीन घंटा 20 मिनट रहेंगे शहर में
वीआईपी कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि कृषि विवि से भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय की दूरी एक तरफ से करीब 18 किमी है। ऐसे में मुख्यमंत्री करीब 36 किमी का सफर करेंगे। उनके कृषि विवि से भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय तक आगमन से लेकर प्रस्थान तक बाईपास को बंद रखा जाएगा। मुख्यमंत्री शहर में कुल तीन घंटा बीस मिनट रहेंगे।
मौसम पर निर्भर करेगा
एसपी ट्रैफिक के अनुसार रविवार को मौसम पर भी काफी कुछ निर्भर रहेगा। यदि मौसम प्रतिकूल रहता है तो मुख्यमंत्री को गाजियाबाद से मेरठ सड़क मार्ग से भी लाया-ले जाया सकता है।
तैयारी पूरी, कड़ी सुरक्षा रहेगी
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की पूरी तैयारी है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। आरएएफ व पीएसी लगाने के साथ ड्रोन से भी निगरानी होगी। -राजीव सभरवाल, एडीजी मेरठ जोन