धर्मांतरण मामला: मेरठ में भी पैर पसार चुका था छांगूर बाबा का गिरोह, जिम ट्रेनर बदर फरार, दो युवतियां लापता
मेरठ में छांगूर बाबा के धर्मांतरण गिरोह से जुड़ा जिम ट्रेनर बदर सिद्दीकी फरार है। उस पर दो युवतियों को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन व शादी कराने का आरोप है। दोनों युवतियां अब तक लापता हैं।
विस्तार
मेरठ में भी छांगूर बाबा के धर्मांतरण गिरोह की जड़ें गहराई तक फैली हुई हैं। पुलिस और ATS की जांच में खुलासा हुआ है कि लिसाड़ी गेट क्षेत्र में रहने वाला जिम ट्रेनर बदर अख्तर सिद्दीकी इस नेटवर्क का मेरठ से संचालन कर रहा था। बदर पर युवतियों को प्रेमजाल में फंसा कर उनका धर्म परिवर्तन कराने और शादी करने के गंभीर आरोप हैं।
यह भी पढ़ें: छांगुर बाबा का मेरठ कनेक्शन: आखिर कौन है बदर अख्तर? जिसकी तलाश में जुटी टीमें, धर्मांतरण से जुड़ा मामला
फिलहाल बदर फरार है। पुलिस उसे सरूरपुर और सिविल लाइन थाना क्षेत्रों से जुड़े मामलों में तलाश रही है। दो युवतियों के केस ने पूरे प्रकरण को और भी गंभीर बना दिया है। इनमें से एक युवती 2018 से लापता है।
युवती के परिजन अब आगे आए हैं। उनका कहना है कि युवती नोएडा के एक बड़े न्यूज चैनल में एचआर की पोस्ट पर कार्यरत थी। वहीं उसकी मुलाकात बदर से हुई और परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर उसने उससे शादी कर ली और धर्म परिवर्तन कर लिया।
युवती के भाई का आरोप है कि एक दिन बहन ने फोन कर बताया कि बदर उसके साथ मारपीट करता है। युवती ने उसकी फोटो भी वॉट्सऐप पर भेजी थी। इसके बाद से ही उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने इस संबंध में सिविल लाइन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
उधर, सरूरपुर थाने में भी बदर अख्तर सिद्दीकी के खिलाफ एक युवती प्रिया त्यागी को लेकर केस दर्ज है। आरोप है कि बदर ने युवती को प्रेमजाल में फंसाया, धर्म बदलवाया और फिर शादी कर ली। युवती भी अब तक लापता है।
इन दोनों मामलों ने मेरठ पुलिस को सतर्क कर दिया है। साथ ही ATS भी बदर के मोबाइल डेटा और संपर्क सूत्रों के ज़रिए इस धर्मांतरण गिरोह की परतें खोलने में जुट गई है।