जल्द बड़ा फैसला: वेस्ट यूपी में हाईकोर्ट बेंच पर केंद्र गंभीर, मेघवाल बोले-प्रस्तावों पर अंतिम दौर की चर्चा
कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि वेस्ट यूपी में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना पर केंद्र गंभीरता से विचार कर रहा है। कई राज्यों से आए प्रस्तावों की समीक्षा चल रही है और जल्द निर्णय लिया जा सकता है। मेरठ बार एसोसिएशन ने भी उनसे मांगपत्र सौंपा।
विस्तार
वेस्ट यूपी में हाइकोर्ट बेंच की स्थापना पर केंद्र सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। कई राज्यों से हाइकोर्ट बेंच को लेकर प्रस्ताव आए हैं। उनमें कई बिंदुओं पर विचार हो रहा है। इस पर जल्दी ही निर्णय लिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी इससे अवगत कराया गया है। यह बात केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मीडिया से बातचीत में कही।
मेघवाल मंगलवार रात भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी के बेटे के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने मेरठ पहुंचे थे। इससे पहले एनएच-58 स्थित अंसल सुशांत सिटी स्थित अपने आवास पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने पत्नी संगीता अग्रवाल शारदा, बेटे चिराग शारदा, पुत्रवधू सुहानी शारदा के साथ कानून मंत्री का स्वागत किया और उन्हें भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट की।
यह भी पढ़ें: Meerut: शास्त्रीनगर और जागृति विहार में 1468 अवैध निर्माण ध्वस्तीकरण की जद में, व्यापारियों में दहशत
मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय शर्मा व महामंत्री राजेंद्र सिंह राणा ने मेरठ में हाईकोर्ट बेंच को लेकर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को मांगपत्र दिया। केंद्रीय मंत्री ने इस मामले में जल्दी ही अधिवक्ताओं को दिल्ली बुलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विनीत शारदा ने भी हाइकोर्ट बेंच निर्माण को जरूरी बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
कई वीआईपी पहुंचे वैवाहिक कार्यक्रम में एसजीएम गार्डन मेरठ कैंट में आयोजित सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी के पुत्र के वैवाहिक कार्यक्रम में कई वीआईपी पहुंचे। असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य, कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल, जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज, प्रदेश के राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया।