{"_id":"1e7bd34d6687fec963a6af74745a223f","slug":"ccsu-election-news-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"बज गया छात्रसंघ चुनाव का बिगुल ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बज गया छात्रसंघ चुनाव का बिगुल
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
Updated Wed, 21 Oct 2015 01:53 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने छात्रसंघ चुनाव का बिगुल बजा दिया है। कैंपस में चुनाव की तिथि सात नवंबर तय कर दी है। चुनाव की तैयारी के लिए छात्रों और संगठनों के पास ज्यादा वक्त नहीं है। विवि ने अचानक से तिथि तय कर चौंका दिया है। अब कॉलेजों की बारी है।
विज्ञापन
विवि की एडमिशन प्रक्रिया अभी चल रही है। ओपन मेरिट के एडमिशन बुधवार तक कंफर्म होंगे। कुलपति प्रो. एनके तनेजा ने विभागाध्यक्षों के साथ बैठक के बाद चुनाव की तिथि घोषित कर दी है। कैंपस में सात नवंबर को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान होगा। चुनाव होने में सिर्फ 17 दिन बाकी हैं।
विज्ञापन
विवि ने अचानक से तिथि तय कर अब गेंद छात्र और छात्र संगठनों के पाले में डाल दी है। हकीकत यह है कि चुनाव की मांग हो तो रही है, लेकिन संगठन अभी इसके लिए तैयार नहीं हैं। कैंपस में छात्र संगठनों की गतिविधियां न के बराबर हैं। सात नवंबर को मतदान होगा। इससे तीन-चार दिन पहले नामांकन का काम होगा। विवि के सहायक प्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रशांत कुमार के मुताबिक 23 अक्तूबर को पूरा शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा।
विज्ञापन
तैयारी का वक्त कम
विवि ने चुनाव की तिथि जल्दी तय कर छात्र संगठनों को एक तरह से झटका दिया है। फिलहाल सब जिला पंचायत के चुनाव में लगे हैं। मतदान में 17 दिन बाकी हैं। सर छोटूराम इंस्टीट्यूट में सेशनल एग्जाम खत्म हुए हैं। छात्र छुट्टी पर हैं। चुनाव से पहले चार पांच छुट्टी वैसे ही हैं। ऐसे में छात्रों से संपर्क कैसे होगा। चुनाव की तिथि को लेकर विवि का अच्छा दाव चला है। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष और समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष राजदीप विकल का कहना है छात्र छुट्टी पर हैं। दीवाली नजदीक है। इसका असर चुनाव पर पड़ेगा। कुलपति से तिथि दीवाली के बाद तय करने की मांग की जाएगी। एबीवीपी के प्रांत कार्यालय मंत्री अंशुल गुप्ता का कहना है कि तिथि तय करने का स्वागत है। संगठन चुनाव के लिए तैयार है।
अब चलेगा प्रत्याशी खोजो अभियान
छात्र संगठनों का अब कैंपस में प्रत्याशी खोजो अभियान चलेगा। चुनाव की तैयारी के नाम पर छात्र संगठन खामोश से थे। तिथि तय होते ही सब हरकत में आ गए हैं। 11 नवंबर की दीवाली है। उससे पहले छात्र छुट्टी पर घर जाएंगे। बाहरी छात्रों को घर जाने से रोकने के लिए प्रत्याशियों को मशक्कत करनी होगी। फिलहाल जिला पंचायत का चुनाव चल रहा है। छात्र नेता उसमें लगे हैं। अब चुनाव की तिथि तय हो गई है, इसलिए फोकस बदलेगा। कैंपस की छात्रसंघ राजनीति में अब रंग जमेगा।
छात्र संगठनों की परीक्षा
पिछले साल चुनाव में समाजवादी छात्रसभा का जलवा रहा था। अध्यक्ष, महामंत्री और संयुक्त सचिव पद पर कब्जा जमाया था। उपाध्यक्ष निर्दलीय और कोषाध्यक्ष एबीवीपी से चुना गया था। दो साल से कैंपस में एबीवीपी को झटका लग रहा है। देखना यह है कि इस बार क्या होगा? एनएसयूआई की कैंपस में कोई उपस्थिति नहीं है।
पोस्टर हटाने होंगे
कैंपस के विभागों में कुछ छात्रों ने पोस्टर लगा रखे हैं। विवि के प्रेस प्रवक्ता प्रो. पीके शर्मा का कहना है लिंगदोह समिति की सिफारिश के मुताबिक यह गलत है। वह आचार संहिता के उल्लंघन के दायरे में आते हैं। छात्र पोस्टर हटा लें।
कॉलेज दीवाली के बाद कराएंगे चुनाव
विवि ने कैंपस में चुनाव की तिथि तय कर आगाज कर दिया है। कॉलेजों की तैयारी चुनाव दीवाली के बाद कराने की है। वह विवि की तिथि का इंतजार कर रहे थे। दीवाली के बाद कॉलेज चुनाव की तिथि घोषित करेंगे। विवि के बाद मेरठ कॉलेज के चुनाव पर सबकी नजर है।