कैसीनो प्रकरण: रसूखदारों पर हाथ नहीं डाल पा रही पुलिस, दबिश तक नहीं दी, बार और रजिस्ट्रेशन की जांच शुरू
मेरठ में भाजपा नेता के होटल में कैसीनो प्रकरण में पुलिस रसूखदारों के गिरेबान तक नहीं पहंच रही है। पुलिस ने होटल मालिक नवीन अरोड़ा पर तो कार्रवाई की लेकिन होटल के अन्य साझेदारों के यहां पुलिस ने दबिश तक नहीं दी है।
विस्तार
मेरठ के होटल के हिस्सेदार राजेश जुनेजा, राजेश मिगलानी, अमित चांदना और अशोक और होटल के तीन कर्मचारियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अभी तक दबिश भी नहीं दी।
इन लोगों के अग्रिम जमानत के कागजात तैयार हैं, लेकिन अभी तक इन लोगों ने कोर्ट में अर्जी दाखिल नहीं की है। होटल पर कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वहां के सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी कब्जे में ली थी। इसके बाद कई बड़े रसूखदारों के नाम सामने आए हैं।
यह भी पढ़ें: कैसीनो प्रकरण: हैलोवीन बैश की आड़ में आज होना था करोड़ों का खेल, होटल मालिक नवीन अरोड़ा ने कही ये बात
इनमें कारोबारी गौरव महाजन, बिल्डर मनोज सिंघल, अनिल कुराली, प्रतीक कंसल कुराली, गुच्ची स्टोर के मालिक हैप्पी भाटिया, अनुज टायर वाले टीपीनगर, अनिल छाबड़ा, निखिल ग्रोवर, रूपेश कुमार बिश्नाई समेत 32 को चिन्हित किया गया है। इनके खिलाफ भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
बार और रजिस्ट्रेशन की जांच भी हुई शुरू
होटल हारमनी इन में चल रहे अवैध कैसीनो के मामले में जिला प्रशासन ने भी जांच शुरू कर दी है। डीएम दीपक मीणा ने सराय एक्ट में होटल हारमनी इन के रजिस्ट्रेशन की पत्रावली की दोबारा जांच करने के निर्देश एडीएम सिटी को दिए हैं। इसके साथ ही एडीएम सिटी ने आबकारी विभाग को बार लाइसेंस की जांच के लिए कहा है। इसकी रिपोर्ट तैयार करके जल्द हारमनी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सभी विभागों की एनओसी की होगी समीक्षा
होटल हारमनी इन की सभी एनओसी की समीक्षा भी प्रशासन करेगा। सभी की जांच होगी।