प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर मांगे दस हजार रुपये, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से योजना का लाभ दिलाने के नाम पर रुपये मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक मोबाइल पर लाभार्थियों को धमकी देकर अपने बैंक एकाउंट में पांच से दस हजार रुपये स्थानांतरित करने का दबाव बनाता है। शिकायत मिलने पर परियोजना अधिकारी डूडा ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। वहीं पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
परियोजना अधिकारी डूडा बागपत रजनी पुंडीर ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लोगों को मकान बनाने के लिए सरकार से ढाई लाख रुपये की धनराशि मिलती है। योजना के लाभार्थी रमेश चंद निवासी बड़ौत ने उन्हें लिखित में शिकायत की कि परवेज आलम नाम से एक युवक उनके मोबाइल पर फोन कर डूडा से मिली ढाई लाख की धनराशि में से पांच हजार रुपये की मांग कर रहा है। वह खुद को डूडा का कर्मचारी बताता है। इस शिकायत पर परियोजना अधिकारी ने परवेज आलम के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया।
परियोजना अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने कई लाभार्थियों पर पांच से दस हजार रुपये अपने खाते में स्थानांतरित करने का दबाव बनाया है। कई लाभार्थियों ने उसकी शिकायत की। आरोपी का डूडा से कोई संबंध नहीं है।
वहीं पुलिस को आरोपी का मोबाइल नंबर दे दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार रोरिया ने बताया कि आरोपी का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्दी ही उसका पता लगा लिया जाएगा।
छपरौली में सामने आ चुका ठगी का मामला
छपरौली में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी की। छपरौली नगर पंचायत के चेयरमैन संजीव कुमार ने खुद इस मामले में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/