गंगनहर में गिरी तीर्थ यात्रियों की कार, मौत को नजदीक से देख कांप उठे परिजन, ऐसे बची जान
मुरादनगर से हरिद्वार जा रहे तीर्थ यात्रियों की कार स्टेयरिंग जाम हो जाने के कारण गंगनहर में गिर गई। कार में सवार एक ही परिवार के छह सदस्यों को पुलिस ने राहगीरों की मदद से बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। यह हादसा यूपी के मुजफ्फरनगर शहर में हुआ है।
गाजियाबाद जिले के मुरादनगर के गांव रावल निवासी नीरज पुत्र रमेश अपनी मां सुमन, पत्नी मीनू, बहन नैना और दो बच्चों देव और परी के साथ गुरुवार को कार से गंगनहर पटरी से हरिद्वार जा रहे थे। कार को वह खुद ही चला रहे थे। जैसे ही भोपा के निकट तिस्सा रजबहे के पास पहुंचे तो तेज मोड़ पर कार बाउंड्री वाल और लोहे के पिलर को तोड़ते हुए गंग नहर में जा घुसी। कार एक पेड़ से टकरा गई और पूरी तरीके से गंगनहर में समाने से बच गई।
इसके बाद भी कार का अगला हिस्सा नहर के पानी में पहुंच गया था। सूचना पर भोपा और सिखेड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से कार सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। नीरज की माता सुमन को चोट आई, जिन्हें उपचार के लिए भेजा गया।
नीरज कुमार ने बताया कि जैसे ही वे यहां मोड़ पर पहुंचे तो अचानक उनकी गाड़ी का स्टेयरिंग जाम हो गया, जिसके कारण कार अनियंत्रित होकर गंगनहर में जा घुसी। पुलिस ने कार को नहर से बाहर निकलवाया।
वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक एमएस गिल ने बताया कि बाद में सभी सुरक्षित यात्री अपनी तीर्थ यात्रा के लिए प्रस्थान कर गए थे। तीर्थ यात्रियों में शामिल वृद्धा सुमन का कहना है कि उसने और उसके परिवार ने मौत को बहुत नजदीक से देखा। अपने आपको सुरक्षित पाने पर भगवान का करिश्मा बताया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/