यूपी: कुत्तों के लिए रोटी बनाने से इनकार करने पर बहन की हत्या, आरोपी भाई ने पुलिस को बुलाकर किया आत्मसमर्पण
- कैलाश वाटिका गंगानगर में सनसनीखेज वारदात
- हत्यारोपी भाई ने पुलिस को बुलाकर किया आत्मसमर्पण
विस्तार
यह घटना गंगासागर के पास कैलाश वाटिका में सोमवार को हुई। कैलाश वाटिका में आशीष पुत्र स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह कंस्ट्रक्शन के साथ-साथ प्रॉपर्टी डीलर का भी काम करता है। आशीष कुत्ते भी पालता है। पुलिस के अनुसार आशीष ने अपनी बहन पारुल (25) से कुत्तों की रोटी बनाने के लिए कहा, जिस पर पारुल ने इंकार कर दिया। इस बात पर भाई-बहन में विवाद हो गया।
आरोप है कि इसी विवाद के चलते आशीष ने पिस्टल से बहन पारुल को पहले सिर में और दूसरी सीने में गोली मार दी। पारुल की मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर पारुल की मां व आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे, वहां देखा तो पारुल का शव जमीन पर पड़ा था।
आशीष ने पुलिस को फोन करके वारदात की जानकारी दी। सूचना पर थाना गंगानगर और भावनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आशीष को गिरफ्तार कर लिया। पारुल का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दूसरे बिंदु पर भी जांच
हत्यारोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि कुत्तों का खाना न बनाने पर बहन की हत्या की है। दूसरे बिंदु पर भी जांच हो रही है। -पूनम सिरोही, सीओ सदर देहात