खौफनाक वारदात: मोहब्बत में खाईं साथ जीने-मरने की कसमें, शादी की जिद करते ही बिफरा ब्वायफ्रेंड, और फिर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हस्तिनापुर की रहने वाली 22 वर्षीय कंचन को शायद ही इस बात का अंदाजा हो कि जिस युवक को वह अपने प्रेमी समझकर शादी करने के सपने देख रही थी, वही उसकी जान का दुश्मन बन जाएगा। लंबे समय तक चले प्रेम प्रसंग के बाद उसने प्रेमी से शादी करने की बात कही तो प्रेमी आनाकानी करने लगा।
कंचन ने जिद की तो प्रेमी ने उसे हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली और फिर एक खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला। उसने बहाने से कंचन को बुलाया और अपने साथ कार में लेजाकर उसे हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया। अपने तीन दोस्तों के साथ उसने प्रेमिका को मौत के घाट उतारकर शव को गंगा में फेंक दिया। पुलिस दो दिन से शव की तलाश में जुटी है लेकिन अभी तक शव बरामद नहीं हो सका है। आगे पढ़ें कैसे प्रेम प्रसंग में युवती को चुकानी पड़ी जिंदगी की कीमत :-
परचून की दुकान पर परवान चढ़ा प्यार
मेरठ के हस्तिनापुर थानाक्षेत्र के सैफपुर कर्मचंदपुर निवासी कंचन बीए की छात्रा थी और कंप्यूटर कोचिंग के लिये रोजाना हस्तिनापुर कस्बे में आती थी। यहां परचून की दुकान पर अक्सर सामान खरीदती थी। तीन महीने पहले उसकी मुलाकात रोहित से हुई। इसी बीच दोनों में प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। कंचन ने रोहित को 25 हजार रुपये की शॉपिंग भी कराई थी। कंचन रोहित के प्यार में थी, जबकि रोहित उसे धोखा दे रहा था।
शादी की बात करते ही बिफरा ब्वायफ्रेंड
कंचन ने शादी करने की बात कही, तो वह आनाकानी करने लगा। पुलिस के मुताबिक युवती ने रोहित को मंगलवार को कॉल कर कहा था कि मैं आ रही हूं, मुझसे शादी करनी ही होगी। मंगलवार शाम वह रोहित के पास पहुुंची। रोहित उसे कार में बैठाकर बहाने से जंगल में ले गया, जहां उसके दोस्त पहले से मौजूद थे। यहां रोहित ने कंचन का गला घोंट दिया।
दोस्तों के साथ मिलकर रची खौफनाक साजिश
मेरठ से सटे हस्तिनापुर में शादी करने की जिद पर अड़ी प्रेमिका की प्रेमी ने हत्या कर शव गंगा में फेंक दिया। पुलिस ने प्रेमी रोहित और उसके दोस्त सौरभ व राहुल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। बुधवार व गुरूवार को दिनभर पुलिस व पीएसी ने हस्तिनापुर स्थित भीमकुंड गंगा में सर्च अभियान चलाया, लेकिन शव बरामद नहीं हुआ।
हस्तिनापुर थानाक्षेत्र के सैफपुर कर्मचंदपुर गांव की युवती कंचन शर्मा (22) पुत्री हरिशंकर शर्मा छह दिसंबर को घर से गई थी, लेकिन नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हस्तिनापुर कस्बा निवासी परचून दुकानदार रोहित व उसके दो दोस्त सौरभ और राहुल को बुधवार को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों ने पूछताछ में कंचन की हत्या कर भीमकुंड गंगा पुल से फेंकना स्वीकार किया।
पुलिस पूछताछ में युवक ने उगला राज
पुलिस के मुताबिक रोहित ने बताया कि कंचन शादी करने का दबाव बना रही थी, जिसके चलते उसने दोस्तों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। तीनों आरोपी शुरुआत में पुलिस को गुमराह करते रहे। कभी शव को जलाने तो कभी खेत में गाड़ने की बात कहते। सख्ती से पूछताछ की तो टूट गए। इसके बाद पुलिस और पीएसी की टीम ने नदी में शव की तलाश की। दिनभर गोताखोर लगे रहे, लेकिन शव नहीं मिला।
दो दिन के सर्च अभियान के बावजूद नहीं मिला शव
बुधवार को पहले दिन युवती के शव को तलाशने के लिए गंगा में स्टीमर से सर्च ऑपरेशन किया गया था। अब शव को तलाशने के लिए फॉरेंसिक टीम भी लगाई गई है। गुरुवार को भीमकुंड गंगा घाट पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने थाना पुलिस के साथ भीमकुंड गंगा पुल पर दूसरे दिन भी अभियान शुरू किया, जिसमें फॉरेंसिंग टीम और थाना पुलिस ने गिरफ्तार किए गए। युवकों को गंगा पुल पर ले जाकर उनकी निशानदेही पर गंगा में दूसरे दिन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। वहीं ग्रामीण और युवती के परिजन लगातार युवती के शव को बरामद करने के लिए पुलिस से गुहार लगा रहे हैं, परंतु अभी तक पुलिस को युवती का शव नहीं मिला है।