तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर के लिए यादगार बना वेलेंटाइन- डे, देखें- शूटिंग की 11 तस्वीरें
सदी के महानायक अभिताभ बच्चन की पिंक जैसी कामयाब फिल्म का हिस्सा रही अभिनेत्री तापसी पन्नू ने शूटर दादियों के साथ वेलेंटाइन डे मनाया। इस दौरान पन्नू ने दादी प्रकाशो तोमर और दादी चंद्रो तोमर के साथ खूब मस्ती की।
बता दें कि तापसी पन्नू गांव जौहड़ी में शूटिंग का पूरा आनंद लेते हुए नजर आ रही है। शूटर दादी प्रकाशो तोमर के किरदार में ढलने के लिए तापसी उनके घर में ही ठहरी हुई है। यही नहीं दादी के साथ कई-कई घंटे का समय व्यतीत कर रही है।
जौहड़ी में मेरठ रोड पर बारू सिंह के मकान पर फिल्म सांड़ की आंख का सेट बनाया है। सेट की बगल में ही शूटर दादी प्रकाशी तोमर का आवास है। यहीं पर अभिनेत्री तापसी पन्नू प्रशंसकों के बीच घिरी हुई नजर आई। दोनों शूटर दादी के साथ तापसी ने कई घंटे बातचीत की। गांव के जीवन के विषय में जानकारी हासिल की। रोज की दिनचर्या और जीवन के संघर्ष के विषय में जाना। इसके अलावा पन्नू यहां जितनी देर भी रही परिवार के सदस्यों और प्रशंसकों से घिरी रही। प्रशंसकों ने पन्नू को आने वाली फिल्म बदला के विषय में भी जानकारी हासिल की।
जौहड़ी में दिग्गजों का जमावड़ा
सांड़ की आंख फिल्म के पहले शेड्यूल का गुरुवार को आखिरी दिन रहा। यहां ईंट भट्टे पर शूटिंग की गई। निर्देशक अनुराग कश्यप के अलावा मशहूर निर्माता निर्देशक प्रकाश झा, निर्देशक तुषार हीरानंदानी, निधि, विनीत कुमार के अलावा अभिनेत्री तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर के भी यहां पर मौजूद रहे।
प्रशंसकों से घिरे अनुराग कश्यप
नामचीन निर्देशक अनुराग कश्यप बुधवार को जौहड़ी पहुंची। यहां पर कई घंटे तक फिल्म के सेट पर मौजूद रहे। सेट से बाहर निकलते ही जैसे ही वह गाड़ी में बैठने लगे तो प्रशंसकों से घिर गए। निजी सुरक्षाकर्मियों ने रोकना शुरू किया, लेकिन अनुराग ने गाड़ी से उतरकर एक प्रशंसक के साथ सेल्फी खिंचवाई।
खेल के मैदान पर की गई रिहर्सल
खेल के मैदान फिल्म के एक गाने की रिहर्सल की गई। यहां जूनियर आर्टिस्ट करीब दो घंटे तक अभ्यास करते रहे।
विनीत ने किया ट्वीट, हर तरफ नजर आ रहे हैं सांड़ ही सांड़
गैंग्स ऑफ वासेपुर और मुक्केबाज में अभिनय का लोहा मनवा चुके विनीत कुमार भी फिल्म ‘सांड़ की आंख’ की शूटिंग में शामिल हुए। फिल्म में कोच की भूमिका निभाने जा रहे अभिनेता ने सांड़ की पिक्चर के साथ ट्वीट किया कि आज हर तरफ मुझे सांड ही सांड़ नजर आ रहे हैं। सुबह शीशे में भी दिखा। वाराणसी के रहने वाले विनीत कुमार ने दमदार अभिनय से मायानगरी में पहचान बनाई है। शूटर दादियों पर बन रही फिल्म में उन्हें कोच की भूमिका दी गई है।
वहीं बुधवार को विनीत कुमार जौहड़ी में बनाई गई लोकेशन पर पहुंच गए। इससे पहले फिल्म को लेकर उत्साहित विनीत ने दो बार ट्वीट किए। पहले ट्वीट में लिखा कि आज हर तरफ मुझे सांड़ ही सांड़ नजर आ रहे हैं। सुबह शीशे में भी दिखा। इसके बाद दूसरे ट्वीट में नए लुक की चर्चा की। शूटर दादियों ने उन्हें नए लुक पर बधाई दी। दिनभर ट्वीट पर रि-ट्वीट किए गए।
चोटिल नजर आ रहे हैं विनीत
अभिनेता विनीत कुमार लोकेशन पर पहुंचे दाएं हाथ में पट्टी नजर आई। इससे पहले गाड़ी में भी यही स्थिति थी। बताया गया कि उन्हें चोट लग गई है। वह फिल्म को लेकर उत्साहित है।
तापसी ने बनाई चाय, भूमि ने साफ किए चावल
सांड़ की आंख की शूटिंग तीसरे दिन भी जारी रही। अभिनेत्री तापसी पन्नू ने छप्पर में बनाई गई रसोई में चाय बनाई, जबकि भूमि पेडनेकर ने बच्चों के साथ चावल साफ किए। इस बीच यहां पर सैकड़ों लोगों का जमावड़ा लगा रहा। बच्चों पर फिल्माने के लिए गोल्ड- गोल्ड बेबी का रिहर्सल किया। लिटिल फ्लोर स्कूल पांचली के हैप्पी, भविष्य, सुधांशु, सुभारती, प्रिया, उवेश, सोनू, सम्मी ने अलग- अलग भूमिकाएं निभाई। चौधरी अटल सिंह ठेकेदार के परिवार के बेटे पूर्व प्रधान कंवर पाल सिंह, जिला जिला पंचायत सदस्य ओमवती, संगीत तोमर, श्वेता, समरवीर, सरेस तोमर, वेनिका तरार भी मौजूद रहीं।
शूटर दादियों ने दिलाया भरोसा तो शूटिंग के लिए पहुंचे जौहड़ी : कश्यप
जौहड़ी गांव में शूटिंग का पहला शेड्यूल लगभग पूरा हो चुका है। बृहस्पतिवार को आखिरी दिन की शूटिंग है। ग्रामीणों के सहयोग के लिए यूनिट से जुड़े लोग गदगद हैं। शूटर दादी प्रकाशो तोमर के पौत्र सचिन कुमार, पूर्व प्रधान बबलू तोमर, विनोद तोमर के अलावा गांव के सैकड़ों लोग मदद कर रहे हैं। असल में शूटिंग से पहले लोकेशन के चयन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खुद यूनिट से जुड़े लोग स्वीकार करते हैं कि निर्माता निर्देशक अनुराग कश्यप और तुषार हीरानंदानी बागपत के जौहड़ी गांव में शूटिंग करने को लेकर एकबारगी तैयार नहीं हैं, लेकिन शूटर दादियों ने मदद का भरोसा दिलाया तो निर्माण कंपनी गांव में शूटिंग के लिए तैयार हो गई। शूटिंग के बाद यूनिट के लोग अब खुश नजर आने लगे हैं। निर्देशक अनुराग कश्यप ने भी प्रशंसकों के बीच समय बिताया और इस बात पर खुशी जताई कि गांव के लोग सहयोग कर रहे हैं। मंगलवार रात पूर्व प्रधान बबलू तोमर, सतेंद्र तोमर, सतेंद्र शर्मा, डॉ. राजीव, रामवीर तोमर, सचिन का भी सहयोग के लिए कश्यप ने आभार जताया। उन्होंने यह भी कहा कि शूटर दादियों और परिवार के लोगों ने जिस तरह भरोसा दिलाया, उसी के चलते यूनिट गांव तक पहुंची है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/