मेरठ : 51 करोड़ से संवरेगी शहर की सूरत, मंडलायुक्त ने प्रस्तावों पर लगाई मुहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोमवार को नगरायुक्त मनोज कुमार ने शहर में सड़क, नाले, पार्क आदि के प्रस्ताव कमिश्नर की बैठक में रखे। उनका अवलोकन कर कमिश्नर ने अवस्थापना निधि के 14 करोड़ और 14वें वित्त आयोग के 37 करोड़ के प्रस्तावों पर मोहर लगायी। कमिश्नर ने कहा कि सभी कार्यों की जांच टीएसी से कराकर फोटो समेत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
नगर निगम शहर की सफाई, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था व अच्छी सड़कें देकर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरे। कमिश्नर ने घर-घर कूड़ा उठान की अच्छी स्थिति न होने पर नाराजगी जतायी। बैठक में डीएम अनिल ढींगरा, महापौर सुनीता वर्मा, एमडीए सचिव राजकुमार, संयुक्त निदेशक कोषागार एएस राणा, अपर नगर आयुक्त अमित सिंह, मुख्य अभियंता नगर जितेन्द्र कैन, अधिशासी अभियंता एसपी सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
कमिश्नर ने कहा कि जो प्राइवेट कालोनियां नगर निगम को हैंडओवर हो गई हैं उसी में कार्य कराएं। जो नहीं हैं, उसमें संबंधित बिल्डर से विकास कराएं। रोहटा रोड पर सड़क व अन्य कार्यों के लिए पीडब्लूडी, जल निगम, नगर निगम व एमडीए के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह आपस में बैठक कर प्रस्ताव अगली बैठक में प्रस्तुत करें।
कूड़ा गाड़ियों की उपयोगिता साबित करें
नगर निगम को शहर के 90 वार्डों के लिए खरीदी गईं 90 गाड़ियों की उपयोगिता सिद्ध करनी होगी। इसके लिए कमिश्नर ने निर्देश जारी किए हैं। इसके बाद ही नई गाड़ियों की खरीद होगी। किसी भी कार्य का एस्टीमेट रिवाइज करने के बाद टेंडर करना होगा।
14 करोड़ से पार्क चमकेंगे व सड़कें
नगर आयुक्त मनोज चौहान ने बताया कि अवस्थापना निधि में उपलब्ध 14 करोड़ रुपये से सभी वार्डों के एक-एक पार्क में सोलर लाइट लगाने के लिए एक करोड़ रुपये, मोहकमपुर औद्योगिक क्षेत्र में सड़क व अन्य कार्यों के लिए दो करोड़, उद्योगपुरम औद्योगिक क्षेत्र के लिए डेढ़ करोड़ रुपये मिले हैं।
कसेरूखेड़ा से खटकाना पुलिया और मवाना रोड तक नाले की आरसीसी दीवार के लिए 3.99 करोड़, स्टेडियम में शूटिंग रेंज के लिए 10 लाख रुपये, इकलास नगर डाबका में एनएच 58 से रजवाहे के पुल तक सड़क व इंटर लाकिंग के लिए 45.28 लाख रुपये दिए गए हैं।
रोहटा रोड रेलवे पुल के नीचे कवर्ड नाले को नगर निगम के नाले से जोड़ने के लिए 23.43 लाख, रोहटा रोड से फाजलपुर प्राथमिक स्कूल तक सड़क व इंटर लाकिंग के लिए 47.87 लाख, 52 फुटा गोलाबड़ से खड़ौली तक सड़क निर्माण कार्य 3.15 करोड़ से होगा। पठानपुरा में भोला रोड संस्कार मंडप से गंदे नाले तक आरसीसी नाला 42.09 लाख से, ईदगाह रोड पर नाला निर्माण के लिए 1.37 करोड़ रुपये मिले हैं।
शम्भूदास गेट से पूर्वी कल्याण नगर तक सड़क व नाले के लिए 84.75 लाख, निगम द्वारा संचालित सरदार पटेल इंटर कालेज की मरम्मत के लिए 75 लाख रुपये, पुलिस लाइन की मुख्य सड़कों के लिए 5.77 करोड़ रुपये मिले हैं।