World Blood Donor Day: रक्तदाता बोले रक्तदान पुण्य का काम, यह खून लोगों को नई जिंदगी देगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अगर हम रक्तदान करने का संकल्प ले लें तो खून की कमी से किसी की जान न जाए। दरअसल, खून का कोई विकल्प नहीं है, इसलिए रक्तदान महादान है। बृहस्पतिवार को भीषण गर्मी के बावजूद विश्व रक्तदाता दिवस पर अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से लगाए गए चार रक्तदान शिविरों में 173 महादानियों ने रक्तदान किया। यह खून दर्जनों लोगों को नई जिंदगी देने में मदद करेगा।
रक्तदान के लिए लोगों में उत्साह देखते ही बना। युवा और महिलाएं भी काफी तादाद में आए। यही वजह रही कि निर्धारित समय के बाद भी लोग शिविरों में आते रहे और रक्तदान करते रहे। अमर उजाला फाउंडेशन ने गढ़ रोड स्थित मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में 40 यूनिट, घंटाघर के पास जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में 40 यूनिट, बागपत रोड स्थित केएमसी चिकित्सालय में 29 यूनिट और पल्लवपुरम स्थित कोटपाल अस्पताल में लगाए गए शिविर में 64 यूनिट रक्तदान हुआ।
मेडिकल कॉलेज में शिविर का उद्घाटन प्राचार्य डॉ. एसके गर्ग, सीएमएस डॉ. अजीत चौधरी और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजीव ने किया। केएमसी में एसपी सिटी रणविजय सिंह और केएमसी के चेयरमैन डॉ. सुनील गुप्ता ने उद्घाटन किया। जिला अस्पताल में एसआईसी डॉ. पीके बंसल और डॉ. कौशलेंद्र ने उद्घाटन किया। कोटपाल अस्पताल में जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन मनिंदर पाल सिंह और डॉ. आदिप कोटपाल ने उद्घाटन किया। सुबह नौ बजे से शुरू हुआ रक्तदान शिविर शाम चार बजे तक चले। अमर उजाला को रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और शिविर लगाने के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। शिविर में रक्तदान करने आए लोगों ने अमर उजाला के प्रयास की सराहना की।
मेडिकल कॉलेज में 40 यूनिट रक्तदान
मेडिकल कॉलेज में 40 यूनिट रक्तदान किया गया। पहला रक्तदान मेडिकल कॉलेज केप्राचार्य डॉ. एसकेगर्ग ने किया। रक्तदान करने वालों में डॉ. संजीव तोमर, अंजना, गौरव सिंह थापा, गौरव शर्मा, सतीश कुमार, अजय बंसल, अनंत बंसल, दीपक, संदीप, अंकित सिंह, अंजना, मनोज, जिलेश कुमार, अमित, देवेंद्र सिंह, अनूप कुमार तिवारी, अंकित आदि रहे।
युवाओं के साथ पहुंचे अतुल प्रधान
सपा नेता अतुल प्रधान मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में युवाओं केसाथ पहुंचे। अतुल प्रधान समेत उनके साथ आए छह युवकों ने रक्तदान किया। इनमें ललित, प्रवेश कुमार, प्रदीप, किशोर कुमार और टीनू कुमार रहे। अतुल प्रधान का कहना था कि उनका खून किसी के काम आ सके, इससे अच्छा और क्या हो सकता है।
दंपति ने किया रक्तदान
मयूर विहार निवासी अनुज कुमार पत्नी सविता के साथ मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में रक्तदान करने आए। सविता ग्लोबल स्कूल में शिक्षिका हैं। उनकी बेटी वाणी (17) भी रक्तदान करने आई थी, मगर उसकी उम्र एक साल कम होने के कारण वह रक्तदान नहीं कर सकी। उसका कहना था कि वह अगले साल रक्तदान करेगी। इस साल रक्तदान न कर पाने का उसे मलाल है।
रक्तदाता बोले रक्तदान पुण्य का काम
रक्तदान पुण्य का काम है। रक्त कुदरत की अनमोल देन है। इसके चलते इंसान दूसरे इंसान की जिंदगी बचाने के काम आ सकता है।- डॉ. एसके गर्ग, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज
100 बार कर चुका रक्तदान
पेशे से चिकित्सक हूं। लंबे समय से रक्तदान कर रहा हूं। अब तक 100 से ज्यादा बार कर चुका हूं। अमर उजाला के शिविर के बारे में पढ़ा तो रक्तदान करने आ गया। - डॉ. अनिल चौधरी, वैशाली
चौथी बार किया रक्तदान
मैं एमकॉम कर रहा हूं। चौथी बार रक्तदान किया है। रक्तदान कर अच्छा लगा। आगे भी रक्तदान करता रहूंगा।- प्रेरित, लक्ष्मी विहार
पहली बार किया रक्तदान
पहली बार रक्तदान किया है। रक्तदान करने से अच्छा महसूस हुआ। जब भी रक्तदान शिविर लगेगा। रक्तदान करूंगा।- अशोक कुमार, नेहरूनगर
रक्तदान कर अच्छा लगा
पेशे से कारोबारी हूं। अभी तक रक्तदान नहीं किया था। इस बार कुछ बेहतर करना चाहता था तो रक्तदान कर रहा हूं।- धर्मेंद्र पुंडीर, भोपाल विहार
सबको करना चाहिए रक्तदान
लखनऊ की रहने वाली हूं। मेडिकल में एमबीबीएस की छात्रा हूं। पहली बार रक्तदान किया है। मेरा मानना है कि हर व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिए।- शिखा वर्मा, मेडिकल कॉलेज
50 बार कर चुका रक्तदान
मेरी उम्र 50 साल है। मैं अब तक 50 बार रक्तदान कर चुका हूं। एलआईसी एजेंट हूं और खेती भी करता हूं। रक्तदान कर स्वस्थ्य महसूस करता हूं।- धर्मवीर सिंह, शाहकुलीपुर
जरूरतमंदों को मिलेगा ब्लड
प्राचार्य डॉ. एसकेगर्ग ने कहा कि इस मुहिम से जरूरतमंदों को समय पर खून उपलब्ध कराया जा सकेगा। रक्तदान के लिए शिविर लगाना एक सार्थक पहल है। अमर उजाला इसे कई सालों से कर रहा है। उन्होंने इस आयोजन के लिए अमर उजाला को धन्यवाद कहा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/