मेरठ: विपिन सोढ़ी बने कैंट बोर्ड के उपाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न, बीना वाधवा पहुंचीं कोर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में एक सप्ताह से कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष के पद को लेकर चल रही खींचतान गुरुवार को खत्म हो गई। कैंट बोर्ड की बैठक में छह सदस्यों के समर्थन के बाद विपिन सोढ़ी उपाध्यक्ष घोषित कर दिए गए। वहीं, बैठक से पहले ही पूर्व उपाध्यक्ष बीना वाधवा ने अविश्वास प्रस्ताव पारित करने को असंवैधानिक बताते हुए हाईकोर्ट में रिट दायर की है, जिसकी सुनवाई शुक्रवार दो अगस्त को होनी है।
कैंट बोर्ड की बैठक गुरुवार शाम करीब 4:15 बजे शुरू हुई। बोर्ड अध्यक्ष ब्रिगेडियर अनमोल सूद और सीईओ प्रसाद चव्हाण ने उपाध्यक्ष पद हेतु निर्वाचन प्रक्रिया शुरू की गई। सबसे पहले वार्ड एक की सदस्य रिनी जैन ने विपिन सोढ़ी के नाम का प्रस्ताव रखा जिसका समर्थन सदस्य मंजू गोयल ने किया। दूसरा प्रस्ताव नीरज राठौर ने रखा, जिसका समर्थन सदस्य बुशरा कमाल ने किया। तीसरा प्रस्ताव सदस्य धर्मेंद्र सोनकर ने रखा। इसका समर्थन अनिल जैन ने किया। पूर्व उपाध्यक्ष बीना वाधवा बैठक में नहीं पहुंचीं। जिसके बाद कोई आपत्ति नहीं होने पर बोर्ड अध्यक्ष ने वार्ड-8 के सदस्य विपिन सोढ़ी को कैंट बोर्ड का उपाध्यक्ष घोषित कर दिया।
घोषणा के बाद बदली कुर्सी
कैंट बोर्ड की बैठक में पहले नंबर की कुर्सी बोर्ड उपाध्यक्ष की होती है। इसके बाद वार्ड के हिसाब से सदस्य बैठते हैं। कोई उपाध्यक्ष नहीं होने के कारण पहले नंबर की कुर्सी साइड में रखी गई थी। जब विपिन सोढ़ी को उपाध्यक्ष चुना गया तो सदस्यों ने उनको बधाई देते हुए पहले नंबर की कुर्सी पर बैठने को कहा। तीन नंबर की कुर्सी पूर्व उपाध्यक्ष बीना वाधवा के लिए खाली छोड़ी गई।
भाजपा महानगर अध्यक्ष को बुलवाया बैठक में
बैठक शुरू होने से पहले विपिन सोढ़ी ने बोर्ड अध्यक्ष से आग्रह किया कि भाजपा के महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल को बैठक में बुलाना चाहते हैं। इस पर बोर्ड अध्यक्ष और सीईओ ने बात करने के बाद अनुमति दे दी। जिसके बाद महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, विवेक रस्तोगी भी बैठक में मौजूद रहे। वहीं, बोर्ड बैठक में शुरू से ही कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल मौजूद रहे। विपिन सोढ़ी के उपाध्यक्ष बनने पर भाजपाइयों ने कैंट बोर्ड के दफ्तर में ही आतिशबाजी कर और ढोल बजाकर जमकर जश्न मनाया।
बीना वाधवा ने हाईकोर्ट में रिट को लेकर सौंपा पत्र
पूर्व उपाध्यक्ष बीना वाधवा की तरफ से सदस्यों द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के खिलाफ 31 जुलाई को हाईकोर्ट में रिट पिटीशन दायर कर दी गई है। बृहस्पतिवार को बोर्ड बैठक से पहले दोपहर करीब एक बजे इस संबंध में बीना वाधवा कैंट बोर्ड दफ्तर पहुंचीं। उस वक्त सीईओ दफ्तर में नहीं थे। बीना वाधवा ने उनको फोन कर पत्र देने के लिए कहा तो वे कुछ देर बाद दफ्तर आ गए। बीना वाधवा ने उनको पत्र सौंपकर कहा कि पिटीशन पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में दो अगस्त को सुनवाई होनी है। ऐसे में किसी भी प्रकार की चुनाव प्रक्रिया नहीं कराई जाए। सीईओ को पत्र सौंपने के बाद बीना वाधवा ने मीडिया से कहा कि वे अपनी बात सीईओ के सामने रख चुकी हैं।
सबको साथ लेकर चलेंगे
कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल और महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल समेत पूरी पार्टी ने मुझे चुना। प्रधानमंत्री के सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास नारे पर कार्य करेंगे। जिम्मेदारी को बखूबी निभाएंगे। - विपिन सोढ़ी उपाध्यक्ष कैंट बोर्ड
ताज बदलते रहते हैं, कार्य करो
कैंट क्षेत्र के लोगों के हित को हमेशा आवाज उठाई। कैंट में मोबाइल टावर और सीवरेज सिस्टम पर काम करके इन योजनाओं को शुरू कराया। ताज तो बदलते रहते हैं। कैंट के विकास को आगे भी आवाज उठाती रहूंगी। - बीना वाधवा, पूर्व उपाध्यक्ष कैंट बोर्ड
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/