मेरठ में भाजपा नेताओं की दबंगई, अवैध निर्माण के साथ धमकी, कार्रवाई के लिए डीएम को लिखा पत्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पं. सुनील भराला और उनके भाई भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अजय भराला पर दबंगई दिखाते हुए अवैध निर्माण करने और मंडी परिषद के कर्मचारियों को धमकाने का आरोप लगाया गया है। संभागीय उपनिदेशक राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद पुष्पराज सिंह ने इस मामले में डीएम, एसएसपी और एमडीए उपाध्यक्ष को पत्र जारी किया है।
पल्लवपुरम फेस-2 में राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद का एक 672 वर्ग मीटर का भूखंड है। इसके बराबर में एक मकान बन रहा है। मंडी परिषद द्वारा इस भूखंड की पिछले दिनों तीन तरफ से चारदीवारी कराई गई, लेकिन निर्माणाधीन भवन की तरफ चारदीवारी नहीं कराई गई। इस दीवार निर्माण के बाद परिषद द्वारा दो गेट भी लगाकर उन पर ताले लगाए गए। लेकिन इस बीच भाजपा नेता सुनील भराला और अजय भराला ने गेट के ताले तोड़ दिए। उक्त भूखंड के बराबर में इन लोगों का भवन निर्माणाधीन है।
आरोप: सरकारी जमीन पर एसी लगाया, खिड़कियां खोलीं
संभागीय उपनिदेशक पुष्पराज सिंह ने पत्र में बताया कि 21 नवंबर को जब सहायक अभियंता मंडी परिषद वीपी सिंह, सहायक अभियंता कालूराम और अवर अभियंता भरत अग्रवाल अपने साथ चार-पांच लोगों को लेकर गेटों पर वेल्डिंग करने पहुंचे तो आरोप है कि उक्त लोगों के द्वारा उन्हें वहां से यह धमकी देते हुए भगा दिया कि उनकी वेल्डिंग मशीन में आग लगा देंगे। हालांकि बाद में मंडी परिषद के लोग अपने गेटों पर वेल्डिंग करके चले आए। पुष्पराज सिंह ने पत्र में बताया कि निर्माणाधीन भवन में अवैध रूप से मंडी परिषद के भूखंड की तरफ एसी लगाया गया और खिड़कियां खोली गई हैं।
सत्ता की हनक दिखाने में रहे हैं चर्चित
भराला बंधु सत्ता की हनक दिखाने में खासे चर्चित रहे हैं। विवादित बयान तो हमेशा ही चर्चा में रहे हैं। लेकिन पिछले दिनों सरकारी गनर को लेकर भी मामला चर्चा में आया था। जिसमें पं. सुनील भराला को मिली सुरक्षा के एक गनर को उनके भाई अजय भराला लेकर चलते थे। इस मामले में गनर ने शिकायत की थी। जिसके बाद मामला चर्चित हुआ था।
निष्पक्ष जांच के बाद होगी कार्रवाई
कृषि उत्पादन मंडी परिषद की ओर से एक शिकायत आई थी। जिसमें भाजपा नेता सुनील भराला और अजय भराला पर सरकारी जमीन की चारदीवारी तोड़ने का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर पल्लवपुरम को मौके पर भेजा है, ताकि निष्पक्ष जांच करने के बाद कार्रवाई की जाए। - अजय साहनी, एसएसपी
आरोप पूरी तरह बेबुनियाद
मेरे या मेरी पत्नी बच्चों के नाम पर कोई भूखंड या आवास मेरठ में नहीं है। मेरा आवास सिर्फ भराला गांव में है इसलिए सारे आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। -पं. सुनील भराला, अध्यक्ष, उप्र श्रम कल्याण बोर्ड
खुन्नस में दे रहे उल्टे सीधे बयान
हमारा इस मामले से कोई मतलब नहीं है और न ही निर्माणाधीन भवन हमारा है। पुष्पराज किसानों का आर्थिक शोषण कर रहे थे। जिसका उन्होंने किसान मोर्चा का नेता होने के नाते विरोध किया था। इसी कारण वह खुन्नस में उल्टा सीधा बयान दे रहे हैं। - अजय भराला, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/