बर्थडे स्पेशल: अर्जुन अवार्डी अलका तोमर ने किया बैडमिंटन हॉल का उद्घाटन, देखें तस्वीरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपने शहर को एक नई दिशा देने वाली अलका तोमर ने शुक्रवार को केएमसी कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल की ओर से स्वर्गीय सैयद मोदी को समर्पित बैडमिंटन हॉल का फीता काटकर उद्घाटन किया। अर्जुन अवार्डी महिला पहलवान अलका तोमर ने कहा कि यह सच्चे मायने में एक खिलाड़ी को सम्मान और नई प्रतिभाओं को निखारने का प्रयास है। कई पुरस्कारों से सम्मानित अलका तोमर ने शहर की बेटियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने को कहा और कड़ी से कड़ी मेहनत करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा, 'हर चीज अपने समय पर अच्छी लगती है यारी दोस्ती, फ्रेडशिप ये सभी तब तक सही है जब तक आपका कोई लक्ष्य न हो, लेकिन जब आप अपने मन में कुछ बनने की ठान लें तो आपको सन्यासी बनना पड़ेगा। मैंने भी सन्यासी बनकर लक्ष्य हासिल किया है। दिलचस्प बात यह है कि 3 फरवरी को अलका तोमर का जन्म हुआ था और इस मौके पर उनका बर्थडे भी बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान अलका तोमर को देखने के लिए काफी संख्या में अलग-अलग स्कूलों की छात्राएं आईं।
हर क्षेत्र में आगे बढ़े बेटियां
रेसलर अलका तोमर ने अपने अनुभव को शेयर करते हुए कहा कि लड़कियों को किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रहना चाहिए और अपने माता-पिता का नाम रोशन करना चाहिए। अलका ने बताया कि मैंने अपने जीवन में कुछ नहीं देखा और 15 साल तक कड़ी से कड़ी मेहनत की। मेरठ के गांव सिसौली में जन्मी अलका तोमर ने कहा कि अभी तो जीवन में बहुत कुछ करना है और अपने शहर का नाम गर्व से ऊंचा करना है। इस मौके पर अलका तोमर अपने पति और पिता के साथ बेहद खुश दिखीं।
जानिए किसने अलका तोमर को अपना गुरु माना
हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'दंगल' में बेटियों का किरदार निभाने वाली गीता फोगात और बबीता फोगात ने अलका तोमर अपना गुरु मान लिया है। कुछ दिनों पहले मेरठ में मतदाता महा जागरुकता का आयोजन हुआ था जिसमें गीता और बबीता दोनों बहनों ने एक साथ यह ऐलान किया था कि हमारा लक्ष्य देश के लिए ओलंपिक जीतना है और उसके लिए हमे अपना गुरु मिल गया है। ये गुरु कोई नहीं बल्कि मेरठ की एकमात्र पहलवान अलका तोमर है। जो अब गीता और बबीता दोनों बहनों को ट्रेनिंग देंगी।
'पश्चिमी यूपी में प्रतिभाओं की कमी नहीं'
कार्यक्रम का शुभारंभ अलका तोमर ने किया। उन्होंने कहा कि पश्चिमी यूपी में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। बशर्ते उन्हें संसाधन और सही मौका मिलना चाहिए। केएमसी के चेयरमैन डॉ. सुनील गुप्ता ने कहा कि युवा खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन मिल सकें, इसीलिए बैडमिंटन हाल का निर्माण किया गया है। डॉ. सुनील गुप्ता ने सैयद मोदी के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवाओं को सैयद मोदी के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। विशिष्ट अतिथि डॉ. अश्वनी गोयल ने कहा कि बैडमिंटन हाल का निर्माण सभी तकनीकों को ध्यान में रखकर किया गया है। कार्यक्रम में मंच का संचालन नर्सिंग कालेज के प्रवक्ता गौरव त्यागी ने किया।
अलका तोमर ने केक काटकर अपना जन्मदिन भी मनाया।